Meerut Murder Case : बॉलीवुड फिल्म रुस्तम की कहानी की तरह मेरठ के एक पूर्व मर्चेंट नेवी अधिकारी की हत्या ने पूरे देश को चौंका दिया है। ये हत्याकांड इस समय पूरे देश के अखबारों की सुर्खियां बना हुआ है। मेरठ की रहने वाली मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या कर दी। दोनों ने सौरभ की लाश के 15 टुकड़े किए और उन्हें एक ड्रम में भरकर सीमेंट में सील कर दिया। फिलहाल दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इस हत्याकांड में वैसे तो हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं, वहीं अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
शव के टुकड़ों के साथ काला जादू!
पुलिस को यह शक है कि आरोपी साहिल तंत्र-मंत्र में भी शामिल था। उसके कमरे से गांजा, शैतान की फोटो जैसी चीजें मिली हैं। इस हत्याकांड ने अंधविश्वास और काले जादू के एंगल के साथ ही आरोपी मुस्कान के बॉलीवुड में जाने की चाहत और पैसों के लेन-देन का भी मामला सामने आया है। ऐसी भी बात कही जा रही है कि हत्या के बाद प्रेमी साहिल ने शव के टुकड़े किए और सिर व हाथ अपने कमरे में ले जाकर काला जादू किया।
बता दें कि बीते 24 फरवरी को लंदन के एक मॉल में काम करने वाले सौरभ फरवरी में मेरठ आए थे, जहां उनकी हत्या कर दी गई। शव के टुकड़े कर उन्हें सीमेंट भरे ड्रम में डाल दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस को शक है कि साहिल काला जादू करता था, क्योंकि उसके कमरे से डरावनी तस्वीरें, ड्रैगन के रेखाचित्र और अजीब संकेत मिले हैं। वहां एक बिल्ली भी थी और बीयर की कई बोतलें बिखरी हुई मिलीं।
पुलिस को भी काला जादू का शक
पुलिस को शक है कि साहिल ने सौरभ के कटे हुए सिर और हाथों को अपने कमरे में रखा और मुस्कान के लौटने से पहले कुछ तांत्रिक क्रियाएं कीं। इसके बाद, दोनों ने शरीर के अंगों को सीमेंट से भरे ड्रम में डाल दिया। जांच में पता चला है कि साहिल नशे का आदी था और अलौकिक शक्तियों पर विश्वास करता था। वह बहुत कम लोगों से बात करता था और ज्यादातर समय घर में ही रहता था। वह अपनी बूढ़ी दादी के साथ रहता था, क्योंकि उसकी माँ का कई साल पहले निधन हो चुका था और उसके पिता नोएडा में रहते थे।
मुस्कान ने साहिल के अंधविश्वास का फायदा उठाया। उसने नकली स्नैपचैट अकाउंट बनाए और खुद को उसकी मृत माँ बताकर मैसेज भेजे। इसी बहाने उसने साहिल को सौरभ की हत्या के लिए उकसाया। सौरभ के भाई बबलू का कहना है कि, सौरभ लंदन से काफी पैसे लेकर आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान बॉलीवुड अभिनेत्री बनने के लिए कई बार घर से भाग चुकी थी, जिससे पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे।
मुस्कान की फैमिली भी शक के घेरे में
2021 में सौरभ और मुस्कान के बीच तलाक का मामला दर्ज हुआ था लेकिन सौरभ के परिवार ने उन्हें दोबारा सोचने के लिए कहा। बबलू का आरोप है कि मुस्कान ने सौरभ के पैसों से प्रॉपर्टी और आईफोन खरीदा। सौरभ अपने पासपोर्ट के रिन्यूल के लिए भारत आया था। बबलू ने यह भी कहा कि मुस्कान के माता-पिता इस साजिश में शामिल थे, क्योंकि उनका परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा था। वहीं, मुस्कान का कहना है कि उनके पिता घर का खर्च उठा रहे थे और पैसों को लेकर सौरभ से अक्सर बहस होती थी।
वहीं इस हत्याकांड को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आयुष विक्रम ने बताया कि, शुरुआती जांच में हत्या की वजह मुस्कान का प्रेम संबंध और पैसों से जुड़ी समस्याएं लग रही हैं। पुलिस सौरभ की लंदन की नौकरी को लेकर भी जानकारी जुटा रही है, क्योंकि वह सिर्फ 12वीं पास था। साथ ही, मुस्कान और उसकी मां के खातों में ट्रांसफर हुए 6 लाख रुपये की भी जांच हो रही है। मामले की हर पहलू से जांच के लिए दो पुलिस टीमें बनाई गई हैं और जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी हो रही है।