Meerut PUBG death: मोबाइल गेमिंग का चस्का बच्चों में पिछले कुछ समय से काफी बढ़ा है। ऐसे ही एक मामले में मेरठ के एक कारोबारी को PUBG गेम ने जिंदगी भर का गम दे दिया है। इस गेम की लत ने उनके घर का इकलौता चिराग मौहम्मद कैफ को छीन लिया है। गाजियाबाद में अभी के-पॉप की दीवानगी में जान देने वाली तीन बहनों की मौत का ममला शांत भी नहीं हुआ था कि कैफ की खबर ने ऑनलाइन की आभासी दुनिया का काला सच एक बार फिर उजागर कर दिया है। परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार शाम को उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, दिल्ली गेट के खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद फारुख प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करते हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा कैफ उनके काम में हाथ बंटाता था। फारुख ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके बेटे को मोबाइल पर गेम खेलने की लत लग गई थी। पहले वह मोबाइल पर रील बनाकर डालता था। कैफ की एक बड़ी बहन है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कैफ पिता के ऑफिस में बैठा पब्जी गेम खेल रहा था। इस दौरान उसने अपने दोनों कान में हेडफोन लगा रखे थे। अचानक वह बेहोश हो गया और जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोग और परिजन उसे उठाकर नजदीकी अस्पताल ले गए। यहां उसका ब्लड प्रेशर देखा गया, जो 300 से ऊपर था।
यहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत देख कर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली में सैफ को सफदरगंज अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि ब्लड प्रेशर बढ़ने की वजह से उसके दिमाग की नस फट गई है। उसके दिमाग में खून जम गया है। सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टर दो दिन तक कैफ को बचाने का प्रयास करते रहे। लेकिन रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
कैफ के पिता फारुख ने बताया कि कैफ को पहले से ब्लड प्रेशर की परेशानी थी। उसका काफी समय से इलाज चल रहा था। माना जा रहा है कि ऑनलाइन पबजी गेम खेलते हुए कैफ का ब्लडप्रेशर बढ़ा ओर ब्रेन हेमरेज हो गया। स्वजन ने बताया कि कैफ मोबाइल पर ज्यादा सक्रिय रहता था। सैफ की अचानक मौत से परिवार में हर कोई सदमे में है। देहली गेट थाने के इंस्पेक्टर ने इस बारे में किसी भी जानकारी और सूचना देने से इंकार कर दिया।