Video Viral: मेरठ में तलाक के बाद बेटी का मायके में ढोल-नगाड़ों से स्वागत, रिटायर्ड जज पिता ने फूल-माला पहनाकर बांटीं मिठाइयां

Meerut Video Viral: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक रिटायर्ड जज ने अपनी बेटी के तलाक का जश्न मनाया। मेरठ फैमिली कोर्ट से बेटी प्रणिता शर्मा का तलाक फाइनल होने के बाद पिता रिटायर्ड जज डॉ. ज्ञानेंद्र शर्मा ने ढोल-नगाड़ों, फूलों और मिठाइयों के साथ घर पर उसका स्वागत किया। इसका अनोखे स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है

अपडेटेड Apr 05, 2026 पर 4:23 PM
Story continues below Advertisement
Meerut Video Viral: तलाक लेकर मायके पहुंची बेटी का पिता ने जोरदार तरीके से स्वागत किया

Meerut Video Viral: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पति से तलाक मिलते ही एक रिटायर्ड जज ने ढोल-नगाड़ों से अपनी बेटी का स्वागत किया, जो एक मिसाल बन गई है। शादी के करीब सात साल बाद प्रणिता शर्मा का मेजर गौरव अग्निहोत्री से तलाक हो गया। तलाक के बाद जब बेटी अपने मायके आई तो जमकर ढोल-नगाड़े बजे। बेटी के साथ घरवाले डांस हुए कोर्ट से घर तक आए। सबने एक जैसी टीशर्ट पहनी थी, जिस पर लिखा था- "I Love My Daughter।" इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

एक वकील ने रविवार (5 अप्रैल) को बताया कि मेरठ स्थित फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज शक्तिपुत्र तोमर ने शनिवार को रिटायर्ड जज डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा की बेटी प्रणिता शर्मा के तलाक को मंजूरी दे दी। इसके बाद इस परिवार ने तलाक को सामाजिक कलंक मानने की परंपरागत सोच से अलग हटकर अनोखी मिसाल पेश की। पिता ने कहा कि मेरी बेटी शादी के बाद खुश नहीं थी। उसको खुश रखना मेरा फर्ज है, इसलिए घर लाया।

डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने बेटी प्रणिता के तलाक के बाद उसका फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ स्वागत किया। इसकी क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। प्रणिता शर्मा की ओर से वकील राजीव गिरी और नसीब सैफी ने अदालत में पैरवी की।


2018 में हुई थी शादी

रविवार को पीटीआई से बातचीत में वकीलों ने बताया कि प्रणिता शर्मा की शादी 19 दिसंबर 2018 को शाहजहांपुर निवासी मेजर गौरव अग्निहोत्री से हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहीं। आरोप है कि ससुराल पक्ष का व्यवहार ठीक नहीं था। प्रणिता को ससुराल में लगातार मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वकीलों ने बताया कि एक बेटा होने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद प्रणिता ने मेरठ के फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी। तलाक के फैसले के बाद परिवार ने इसे बेटी की नई शुरुआत के रूप में लिया। अदालत से बाहर आने के बाद परिजन ढोल की थाप पर नाचते-गाते उसे घर तक लेकर पहुंचे।

बेटी का फूल-माला पहनाकर हुआ स्वागत

घर पहुंचने पर डॉ. शर्मा ने बेटी को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और मिठाइयां बांटीं। इस अवसर पर परिवार के सदस्य काले रंग की टी-शर्ट पहने हुए थे, जिन पर 'आई लव माय डॉटर' लिखा हुआ था।

पिता का बयान

डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, "अगर मेरी बेटी शादी के बाद खुश नहीं थी, तो उसे उस माहौल से बाहर निकालना मेरा कर्तव्य था। मैंने किसी प्रकार की राशि या सामान नहीं लिया, सिर्फ अपनी बेटी को वापस घर लाया हूं।"

प्रणिता तेजगढ़ी चौराहे स्थित 'प्रणव वशिष्ठ जुडिशल अकादमी' में फाइनेंस डायरेक्टर हैं। उन्होंने मनोविज्ञान में मास्टर डिग्री हासिल किया है। उनके भाई प्रणव शर्मा सुप्रीम कोर्ट के वकील थे जिनका वर्ष 2022 में चंडीगढ़ में एक हादसे में निधन हो गया था। फिलहाल, सोशल मीडिया पर इस खबर को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है।

ये भी पढ़ें- Raghav Chadha Vs AAP: 'पिक्चर अभी बाकी है...'; अब आर-पार के मूड में राघव चड्ढा, अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।