चांद पर बनने जा रहा है पहला अल्ट्रा-लक्जरी होटल, 2032 तक ठहर सकेंगे मेहमान, जानिए किराया और बुकिंग की पूरी जानकारी

GRU ने चांद पर बनने वाले अपने पहले होटल के लिए शुरुआती बुकिंग अब से शुरू कर दी है। इच्छुक लोग पहले ही अपना स्थान सुरक्षित कर सकते हैं और 2032 में होटल के उद्घाटन के समय पहले मेहमानों में शामिल हो सकते हैं

अपडेटेड Jan 18, 2026 पर 9:16 AM
Story continues below Advertisement
GRU की स्थापना 21 साल के युवा इंजीनियर स्कायलर चान ने की।

चांद पर जाना अब भी लोगों का सपना है, लेकिन टेक्नोलॉजी इतनी आगे बढ़ चुकी है कि कुछ लोग इसे वास्तविकता में बदल चुके हैं। अभी तक चांद पर सिर्फ कुछ गिने-चुने अंतरिक्ष यात्री ही पहुंचे हैं। लेकिन अब एक नई और रोमांचक खबर आई है – चांद पर होटल बनने जा रहा है। कैलिफोर्निया की स्पेस स्टार्टअप कंपनी Galactic Resource Utilisation Space (GRU) ने दुनिया का पहला स्थायी होटल चांद पर बनाने की घोषणा की है। कंपनी का लक्ष्य है कि साल 2032 तक ये होटल मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

बुकिंग शुरू

GRU ने अब से ही चांद पर होटल में ठहरने के लिए शुरुआती बुकिंग खोल दी है। कंपनी के अनुसार, पहले मेहमान 2032 तक चांद पर ठहर सकेंगे। एक रात का किराया करीब 4.10 लाख डॉलर यानी साढ़े तीन करोड़ रुपये हो सकता है। भविष्य की बुकिंग सुरक्षित करने के लिए लगभग 10 लाख डॉलर यानी करीब 8 करोड़ रुपये जमा करने होंगे। ये निश्चित रूप से दुनिया के सबसे महंगे और एक्सक्लूसिव अनुभवों में से एक होगा।


2029 से शुरू होगा निर्माण

कंपनी ने कहा है कि सभी तकनीकी परीक्षण और सरकारी मंजूरियां पूरी होने के बाद, 2029 में होटल का निर्माण शुरू होगा। उसी साल एक टेस्ट मिशन भी लॉन्च किया जाएगा, ताकि ये साबित किया जा सके कि चांद की सतह पर मजबूत और टिकाऊ संरचनाएं बनाई जा सकती हैं। अगर योजना के अनुसार सब कुछ चलता है, तो होटल का पहला चरण 2032 तक पूरी तरह चालू हो जाएगा।

होटल बनेगा कैसे?

सबसे बड़ा सवाल यही है – जब इंसान अब तक चांद पर एक छोटा घर भी नहीं बना पाया, तो ये होटल कैसे बनेगा? GRU का दावा है कि वह लूनर सॉयल यानी चांद की मिट्टी का उपयोग निर्माण सामग्री के रूप में करेगा। ऑटोमेटेड मशीनें और मॉड्यूलर यूनिट्स वहां भेजी जाएंगी, जिन्हें जोड़कर एक आत्मनिर्भर और टिकाऊ ढांचा तैयार किया जाएगा। ये तकनीक भविष्य में चांद पर रिसर्च बेस और मंगल ग्रह पर शुरुआती बस्तियों के निर्माण में भी उपयोगी होगी।

कौन ठहरेगा इस होटल में?

ये होटल अल्ट्रा-लक्जरी कैटेगरी का होगा। अनुमान है कि इसके मेहमान अमीर स्पेस लवर्स, पहले से स्पेस टूरिज्म का अनुभव रखने वाले लोग, और खास हनीमून मनाने वाले कपल्स होंगे।

युवा इंजीनियर की बड़ी सोच

GRU की स्थापना 21 साल के युवा इंजीनियर स्कायलर चान ने की। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की। ये स्टार्टअप Y Combinator के जरिए चर्चा में आया और SpaceX, Nvidia जैसे निवेशकों का भरोसा जीतने में सफल रहा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।