Mumbai Crime News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। मुंबई में 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पांच वर्षीय सौतेली बेटी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने बेटी के शव को अरब सागर में फेंक दिया। मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी इमरान शेख को पकड़ लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह कोलाबा पुलिस अधिकारियों ने दक्षिण मुंबई में ससून डॉक के पास समुद्र में बच्ची का शव तैरता हुआ पाया गया। इस हत्या का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया।
एक अधिकारी ने बताया कि मध्य मुंबई के एंटॉप हिल इलाके से लड़की लापता हो गई थी। उन्होंने बताया कि उसके सौतेले पिता शेख और मां नाजिया ने अपनी बेटी की गुमशुदगी को लेकर एंटॉप हिल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। नाजिया घरेलू सहायिका का काम करती है।
ABP न्यूज की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सौतेले पिता इमरान शेख ने बच्ची की जान इसलिए ले ली, क्योंकि वह उसे 'पापा' कहती थी। मुंबई पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली जिसमें बच्ची को आखिरी बार सौतेले पिता के साथ देखा गया था।
पुलिस कस्टडी में आरोपी इमरान शेख ने बताया कि उसे अपनी सौतेली बेटी का अपनी पत्नी के साथ समय बिताना पसंद नहीं है। आरोपी ने यह भी बताया कि उसे बच्ची का उसके साथ खेलने की कोशिश करना और मां के साथ ज्यादा समय बिताना पसंद नहीं था। शेख पर बेटी का गला घोटकर हत्या करने का आरोप है। फिलहाल, आरोपी पुलिस कस्टडी में है।
इस बीच, महाराष्ट्र के परभणी में 19 वर्षीय युवती ने चलती बस में बच्चे को जन्म दिया। लेकिन उसने और उसका पति होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति ने नवजात को खिड़की से बाहर फेंक दिया जिससे बच्चे की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पाथरी-सेलु मार्ग की है। एक नागरिक ने देखा कि कपड़े में लिपटी कोई चीज बस से बाहर फेंकी गई जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया, "रितिका ढेरे नाम की युवती संत प्रयाग ट्रैवल्स की स्लीपर कोच बस में अल्ताफ शेख (जो उसका पति होने का दावा कर रहा था) के साथ पुणे से परभणी जा रही थी।"
उन्होंने कहा, "यात्रा के दौरान गर्भवती युवती को प्रसव पीड़ा हुई और उसने एक लड़के को जन्म दिया। हालांकि, कपल ने नवजात शिशु को कपड़े में लपेटा और बस से बाहर फेंक दिया।" स्लीपर बस के चालक ने देखा कि खिड़की से कुछ बाहर फेंका गया है। जब उसने इसके बारे में पूछा तो शेख ने उसे बताया कि उसकी पत्नी का जी मचल रहा था जिसके कारण उसने उल्टी की थी।
अधिकारी ने बताया कि इस बीच जब सड़क पर एक व्यक्ति ने बस से फेंकी गई चीज देखी, तो उसने करीब जाकर देखा और एक बच्चे को देखकर दंग रह गया। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। बाद में गश्त पर तैनात स्थानीय पुलिस की एक टीम ने बस को रोक लिया। अधिकारी ने बताया कि वाहन की जांच और प्रारंभिक पूछताछ के बाद, उन्होंने युवती और शेख को हिरासत में ले लिया।
ये भी पढ़ें- Bomb Threat: अमृतसर के गोल्डन टेंपल को तीसरे दिन बम से उड़ाने की मिली धमकी, दिल्ली के 5 स्कूलों में भी ब्लास्ट वाले ईमेल से हड़कंप
कपल ने बताया कि उन्होंने नवजात को इसलिए फेंक दिया क्योंकि वे इसके पालन-पोषण में असमर्थ थे। उन्होंने बताया कि सड़क पर फेंके जाने से बच्चे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ढेरे और शेख दोनों परभणी के रहने वाले हैं और पिछले डेढ़ साल से पुणे में रह रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पति-पत्नी होने का दावा किया। लेकिन इस बात को साबित करने के लिए कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए।