Nautapa: देश भर में अभी लोग तेज गर्मी से परेशान है। लेकिन अभी कुछ दिनों तक लोगों को इस भीषण गर्मी से छुटकारा नहीं मिलने वाला है। कल से अगले 9 दिनों तक देशभर में प्रचंड गर्मी पड़ने वाली है क्योंकि 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है। इस साल नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून, 2025 तक चलेगा। ये 9 दिन साल के सबसे ज्यादा गर्म होते हैं और लू चलने की भी संभावना सबसे ज्यादा होती है।
शास्त्रों के मुताबिक, नौतपा तब लगता है जब सूर्य ज्येष्ठ महीने में रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। इस दौरान दिन के समय बाहर निकलना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नौतपा के दौरान सेहत का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है।
इस समय घर से निकलने से बचे
नौतपा के दौरान शरीर को गर्मी से बचाने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। जब भी बाहर निकलें, उससे पहले पानी जरूर पी लें और पूरे दिन थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनें जिससे शरीर को हवा मिलती रहे और पसीना सोखकर शरीर ठंडा बना रहे। धूप में निकलते समय सनग्लास जरूर पहनें। एल्कोहल, चाय, कॉफी और ठंडी गैसी ड्रिंक्स से भी बचें क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं। हमेशा ताजा और साफ खाना खाएं। बाहर खुले में बिकने वाले खाने से दूर रहें।
खास तौर पर दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें क्योंकि इस समय गर्मी सबसे ज्यादा होती है। इस समय सूरज की किरणें बहुत तीखी होती हैं, जो शरीर पर बुरा असर डाल सकती हैं। इस समय बाहर जाने से आपको लू लग सकती है या तबीयत बिगड़ सकती है, इसलिए सावधानी बरतना बहुत जरूरी है।
नौतपा के दौरान कुछ लोगों को खासतौर पर ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है क्योंकि इस समय तेज गर्मी से उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। जिन लोगों को हार्ट की बीमारी, किडनी से जुड़ी परेशानी, डायबिटीज, सांस की दिक्कतें (जैसे अस्थमा), मेंटल हेल्थ की समस्या, मोटापा या हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) है, उन्हें इस मौसम में ज्यादा खतरा होता है। ऐसे लोगों को धूप से बचना चाहिए, खूब पानी पीते रहना चाहिए और दिन के सबसे गर्म समय यानी दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचना चाहिए।
गर्मी के असर से बचने के लिए जरूरी है कि आप सुबह और शाम के समय घर में वेंटिलेशन यानी हवा आने-जाने का सही इंतजाम रखें। इससे कमरे का तापमान कुछ हद तक नियंत्रित किया जा सकता है और घर के अंदर ठंडक बनी रहती है।