26 जनवरी आने वाला है और पूरे देश में गणतंत्र दिवस की तैयारियों का माहौल दिखने लगा है। ये दिन सिर्फ एक राष्ट्रीय अवकाश नहीं है, बल्कि हमारे देश के संविधान के लागू होने और भारत के गणराज्य बनने की याद दिलाता है। इस दिन पूरे भारत में गर्व, उत्साह और देशभक्ति की भावना देखने को मिलती है। गणतंत्र दिवस का महत्व इसलिए भी खास है क्योंकि इसी दिन 1950 में भारत ने संविधान को अपनाया और एक स्वतंत्र, संप्रभु और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में दुनिया के सामने आया। देशभर के स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय और संस्थान इस अवसर पर झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रीय गीतों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश फैलाते हैं।
इस दिन की सबसे बड़ी आकर्षण होती है नई दिल्ली की गणतंत्र दिवस परेड, जिसमें देश की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन होता है। ये दिन हमें हमारे संवैधानिक अधिकारों, लोकतंत्र और भारतीय संस्कृति के गौरव को याद दिलाता है। इस उत्सव में देशभर के लोग अपने-अपने तरीके से भारत के गौरव और एकता को सेलिब्रेट करते हैं।
भारत को 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता मिली थी, लेकिन देश को पूर्ण गणराज्य बनाने के लिए संविधान की जरूरत थी। स्वतंत्रता के दो हफ्ते बाद डॉ. बी.आर. आंबेडकर की अध्यक्षता में ड्राफ्टिंग कमेटी बनी, जिसने भारतीय संविधान का निर्माण किया। ये संविधान 26 नवंबर 1949 को पूरा हुआ, जिसे अब संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। तीन साल बाद, 26 जनवरी 1950 को संविधान को लागू किया गया और भारत एक गणराज्य बन गया। तब से हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।
2026 में कौन सा गणतंत्र दिवस है?
कई लोग भ्रमित रहते हैं, लेकिन 26 जनवरी 2026 को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। ये दिन सोमवार को पड़ रहा है।
संस्कृति और शक्ति का संगम
मुख्य आयोजन नई दिल्ली के कार्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड है। इसमें भारत की सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जाता है। 2026 में परेड का मुख्य विषय होगा ‘वंदे मातरम’ के 150 साल, जो देश की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक ताकत का संगम दिखाएगा।
इस साल की परेड में अंतरराष्ट्रीय गणमान्य अतिथि होंगे- एंटोनियो कोस्टा, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष और उर्सुला वॉन डेर लेयेन, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष। इस तरह, गणतंत्र दिवस 2026 देशवासियों के लिए इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव का भव्य उत्सव साबित होगा।