Cascadia Threat: दुनिया भले ही तकनीक के मामलें में कितनी भी आगे क्यों न निकल जाए लेकिन नेचर एक ऐसी चीज है जो हमेशा आश्चर्यचकित करती है। आज AI के संभावित खतरों और तीसरे विश्व युद्ध की संभावना को लेकर चर्चा है लेकिन इन सब के बीच नेचर जइसके बीच हम सभी रहते हैं उसे कभी नजरंदाज नहीं करना चाहिए। वैसे तो वैज्ञानिकों ने लंबे समय से भविष्य में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं की चेतावनी दी है। लेकिन हाल ही में प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज (PNAS) में प्रकाशित एक नए अध्ययन ने उन चिंताओं को और बढ़ा दिया है। नए रिसर्च से पता चलता है कि संयुक्त राज्य अमेरिका में जल्द ही एक खतरनाक प्राकृतिक आपदा आ सकती है।
कैस्केडिया सबडक्शन जों करीब 300 सालों से शांत है लेकिन जब यह टूटेगा, तो उससे भूकंप के साथ 100 फीट ऊंची लहरों वाली सुनामी आ सकती है। यह नेचुरल डिजास्टर अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया से लेकर कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया तक भारी नुकसान पहुंचा सकती है और इससे लाखों लोगों की जान को खतरा हो सकता है। नए रिसर्च में वैज्ञानिकों ने पाया कि एक बड़े भूकंप के दौरान, मिनटों में जमीन 0.5 से 2 मीटर तक धंस सकती है। धंसने के साथ-साथ, बढ़ते समुद्र स्तर से बाढ़ का खतरा और भी बढ़ सकता है। अध्ययन चेतावनी देता है कि वर्ष 2100 तक, बाढ़ के खतरे में लोगों, इमारतों और सड़कों की संख्या तीन गुना से अधिक हो सकती है। शोधकर्ताओं का कहना है कि इस बढ़ते खतरे पर अधिक ध्यान, प्लानिंग और भविष्य में नुकसान को कम करने के लिए एक्शन की जरूरत है।
वैज्ञानिक अब दुनिया को किस बारे में दे रहे हैं चेतावनी?
बीबीसी साइंस फोकस से बात करते हुए, अध्ययन की प्रमुख लेखक प्रो. टीना ड्यूरा ने कहा, 'हम जलवायु के प्रभाव से समुद्र के स्तर में वृद्धि की बात करते है, जो प्रति वर्ष तीन से चार मिलीमीटर की दर से हो रही है। लेकिन इस त्रासदी के आने पर मिनटों में समुद्र के स्तर में दो मीटर तक की वृद्धि होगी। हम इस बारे में अधिक बात क्यों नहीं कर रहे हैं?' ड्यूरा ने आगे कहा, 'यह निश्चित रूप से अमेरिका के लिए एक बहुत ही विनाशकारी घटना होने वाली है। यह एक दोहरा खतरा है। भूकंप के साथ-साथ सुनामी आएगी, जिससे भयंकर तबाही हो सकती है'।
समुद्र का स्तर बढ़ने के बजाय ऊपर उठ रही जमीन
अध्ययन से पता चलता है कि दुनिया के कई तटीय क्षेत्र हर साल धीरे-धीरे पानी में धंस रहे है, लेकिन वाशिंगटन, ओरेगन और उत्तरी कैलिफोर्निया के कुछ हिस्सों में इसके विपरीत स्थिति हो रही है। भूमि के गहराई में चल रही नेचुरल गतिविधियों के कारण भूमि ऊपर उठ रही है। एस्टोरिया, पोर्ट ऑरफोर्ड और क्रेसेंट सिटी जैसे शहरों में, भूमि समुद्र के स्तर से अधिक तेजी से ऊपर उठ रही है, जिससे पानी का स्तर स्थिर बना हुआ है या थोड़ा कम भी हुआ है।
इसका एक अपवाद उत्तरी कैलिफोर्निया में हम्बोल्ड्ट बे है, जहां भूमि धंस रही है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि लगभग 2030 तक समुद्र का स्तर भूमि की बराबरी कर लेगा जिससे उसका स्तर ज्यादा तेजी से बढ़ेगा। वहीं 2050 तक पानी का स्तर 10 से 30 सेंटीमीटर तक बढ़ सकता है, और यदि कार्बन उत्सर्जन अधिक होता रहा, तो 2100 तक समुद्र का स्तर 40 से 90 सेंटीमीटर तक बढ़ सकता है।