दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में एक अनोखी और दिलचस्प प्रतियोगिता ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। आमतौर पर जहां खेल और दौड़ की प्रतियोगिताएं होती हैं, वहीं यहां लोगों ने सोकर इनाम जीतने का मौका पाया। ‘पावर नैप कॉन्टेस्ट’ नाम के इस खास आयोजन में सैकड़ों प्रतिभागी हान नदी के किनारे एक पार्क में जुटे, जहां उनका लक्ष्य था कुछ समय की गहरी और शांत नींद लेना। इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात ये रही कि इसमें जीतने के लिए भागदौड़ नहीं, बल्कि सही तरीके से आराम करना जरूरी था।
