हापुर के पिलखुवा में सोमवार को एक भयावह घटना होने से युवती बाल-बाल बच गई। अनवरपुर की रहने वाली 24 वर्षीय युवती दोपहर करीब 12 बजे स्कूटी से पिलखुवा जा रही थी। जैसे ही वो डूहरी पेट्रोल पंप के पास पहुंची, स्कूटी के हैंडल के नीचे से अचानक एक सांप बाहर निकल आया। यह देखकर युवती डर के मारे अपनी स्कूटी तुरंत सड़क के बीच में रोकती है और सड़क पर गिर जाती है। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। थोड़ी बहुत चोटें लगने के बावजूद युवती सुरक्षित रही। लोगों ने मिलकर स्कूटी की जांच की और करीब दस मिनट की कोशिश के बाद सांप को बाहर निकालकर पास की झाड़ियों में छोड़ दिया।
