बरसात के मौसम में जहां हरियाली और ठंडक लोगों को सुकून देती है, वहीं दूसरी ओर सर्पदंश की घटनाएं भी तेजी से बढ़ जाती हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में, जहां बारिश के कारण सांप अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये खतरनाक जीव ज़्यादातर समय नींद में ही रहते हैं? जी हां, सांप नींद के मामले में किसी कुम्भकरण से कम नहीं होते। कुछ प्रजातियां तो दिनभर में 16 से 23 घंटे तक सोती रहती हैं। अजगर और किंग कोबरा जैसे सांप, जो बेहद जहरीले और फुर्तीले माने जाते हैं, दरअसल बहुत लंबे समय तक सोते हैं और केवल जरूरत पड़ने पर ही एक्टिव होते हैं।
उनके सोने के तरीके, समय और कारण इतने अनोखे हैं कि जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। बारिश के दिनों में जब इनके दिखने की घटनाएं बढ़ती हैं, तब इनके नींद से जुड़े रहस्यों को जानना और भी जरूरी हो जाता है।
कुंभकरण जैसी नींद लेते हैं सांप
सांप दिन में औसतन 16 घंटे सोते हैं, यानी इंसानों से करीब दोगुना। कुछ प्रजातियां, जैसे कि अजगर, तो 18 से 23 घंटे तक नींद में रह सकते हैं। ठंड के मौसम में इनकी नींद और भी गहरी हो जाती है। ये इसीलिए भी होता है क्योंकि सांप ठंडे खून वाले जीव होते हैं और मौसम से इनकी एक्टिविटी सीधे प्रभावित होती है।
नींद के पीछे विज्ञान क्या कहता है?
जब सांप सोते हैं, तो उनका दिमाग कुछ समय के लिए ज्यादा एक्टिव हो जाता है। शुरुआत में ये 10 मिनट की छोटी नींद लेते हैं, जो बाद में लंबी होती जाती है। नींद के दौरान उनकी कोशिकाएं शिथिल हो जाती हैं, इसलिए सांप एक ही जगह चुपचाप पड़े रहते हैं।
शिकार के बाद सीधे सोने चले जाते हैं
सांप जब अपना शिकार कर लेते हैं, तो वे तुरंत आराम करना शुरू कर देते हैं ताकि एनर्जी बचा सकें। ये इस बात पर भी निर्भर करता है कि वो किस जगह पर रहते हैं वातावरण, शिकार की उपलब्धता और खतरे की आशंका इनकी नींद के पैटर्न को तय करते हैं।
भारत में पाया जाने वाला किंग कोबरा सबसे जहरीले सांपों में से एक है। लेकिन नींद के मामले में ये भी नंबर वन है। दिन में ज्यादातर समय सोता है, और कई बार तो 18 घंटे तक एक ही जगह पड़ा रहता है। नींद पूरी करने के बाद ये सांप बेहद फुर्तीला हो जाता है और शिकार के लिए तैयार।
क्या सांप सो रहे हैं या जाग रहे हैं कैसे पहचानें?
अब सबसे बड़ा सवाल – सांप सो रहा है या जाग रहा है, ये कैसे पता चले? दरअसल, इंसानों की तरह सांपों की आंखों में पलके नहीं होतीं, जिससे उनकी नींद को पहचानना मुश्किल होता है। लेकिन एक खास संकेत है – जब सांप सोते हैं तो वो अपनी जीभ नहीं निकालते। अगर वो बिल्कुल शांत हैं और जीभ नहीं हिला रहे हैं, तो समझिए वो गहरी नींद में हैं।
भारत में जहरीले सांपों की संख्या कितनी है?
भारत में कुल 69 प्रजातियों के सांप जहरीले माने जाते हैं। इनमें से 29 समुद्र में रहते हैं और बाकी 40 जमीन पर। ये सभी अलग-अलग व्यवहार और नींद के पैटर्न रखते हैं।