धरती का प्राकृतिक उपग्रह चंद्रमा, बच्चों का चंदा मामा उनसे धीरे-धीरे करके दूर होता जा रहा है। ऐसा एक अध्ययन में दावा किया गया है। खगोल वैज्ञानिकों का दावा है कि पृथ्वी की चंद्रमा से दूरी हर साल बढ़ रही है। दूरी बढ़ने से धरती की अपनी धुरी पर घूमने की रफ्तार कम हो रही है, जिसका परिणाम भविष्य में देखने को मिलेगा। मिशिगन यूनिवर्सिटी के खगोलशास्त्रियों ने एक अध्ययन में दावा किया है कि चंद्रमा की धरती से दूरी हर साल लगभग 1.5 इंच बढ़ रही है। 4.5 अरब साल से धरती के चक्कर लगा रहा चंद्रमा 3.8 सेमी की दर से दूर हो रहा है।