UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी से अवैध शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर के आंगन में लगे सामान्य से दिखने वाले हैंडपंप से पानी की जगह कच्ची शराब निकल रही थी। झांसी पुलिस और आबकारी विभाग की जॉइंट टीम ने जब इस हैंडपंप को चलाया तो उससे पानी के बजाय अवैध देसी शराब निकलने लगी। जांच में पता चला कि हैंडपंप को जमीन के नीचे बनाए गए एक सीक्रेट टैंक से कनेक्ट किया गया था। इसमें अवैध शराब जमा करके रखी जाती थी। इस मामले में पुलिस ने 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने यह कार्रवाई 21 नवंबर को झांसी में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान की। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मौके से करीब 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की। जबकि करीब 1,000 लीटर जहरीली शराब नष्ट कर दी गई।
हैंडपंप के नीचे बना रखा था शराब का सीक्रेट ठिकाना
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात शराब छिपाने का तरीका था। आरोपी पक्ष ने घर के आंगन में लगे हैंडपंप को सामान्य पानी के स्रोत की तरह दिखाया हुआ था। लेकिन इसके नीचे जमीन में शराब जमा करने की व्यवस्था बनाई गई थी। आबकारी और पुलिस अधिकारियों की जांच में सामने आया कि हैंडपंप को कथित तौर पर सीक्रेट अंडरग्राउंड टैंक से जोड़ा गया था। इसके जरिए कच्ची शराब को हैंडपंप से बाहर निकाला जा रहा था, जिससे पहली नजर में किसी को भी शक नहीं होता था।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने जब हैंडपंप चलाया तो उससे निकलने वाला तरल देखकर वे भी हैरान रह गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने शराब को एक बड़े टब में इकट्ठा किया और फिर उसे जरीकैन में भरा। इस कार्रवाई का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हैंडपंप से पानी की जगह शराब निकलती दिखाई दे रही है।
30 लीटर शराब बरामद, 1000 लीटर नष्ट
पुलिस और आबकारी विभाग की जॉइंट कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अलावा अधिकारियों ने करीब 1,000 लीटर अवैध शराब को नष्ट कर दिया। अधिकारियों का उद्देश्य अवैध शराब को बाजार तक पहुंचने से रोकना था। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब का निर्माण कहां किया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
30 वर्षीय महिला गिरफ्तार, एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में झांसी के तेजपुरा घुराट गांव की रहने वाली 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने महिला के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों को यह भी पता लगाना है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा था। साथ ही वहां अवैध रूप से तैयार शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
झांसी में कई जगहों पर छापेमारी
अवैध शराब के खिलाफ झांसी में चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने कई अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की। रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग जगहों से करीब 340 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा करीब 4,300 लीटर लहन यानी शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कैमिकल को नष्ट किया गया। इस अभियान के तहत कुल चार मामले दर्ज किए गए। आबकारी विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाना था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।