UP Viral News: उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। यूपी के सुल्तानपुर जिले में एक कुक्कुट फार्म हाउस के मालिक ने शादी समारोह में डीजे के तेज शोर से अपनी 140 मुर्गियों की मौत होने का दावा करते हुए इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुल्तानपुर में साबिर अली के फार्म हाउस में हाल ही में 140 मुर्गियां मर गईं। साबिर का आरोप है कि रात में एक बारात में DJ की तेज आवाज से उनकी मुर्गियां मरी हैं।
पुलिस ने DJ संचालक कवि यादव पर FIR दर्ज कर ली है। एक्सपर्ट का मानना है कि तेज आवाज से पक्षियों या जानवरों को भी कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। पुलिस सूत्रों ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी कुक्कुट फार्म संचालक साबिर ने आरोप लगाया है कि 25 अप्रैल की रात बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की बारात जब उसके फार्म के पास से गुजरी, तो उसमें बज रहे डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण फार्म में पाली जा रही 140 मुर्गियों की मौत हो गई।
साबिर का आरोप है कि डीजे का शोर इतना अधिक था कि मुर्गियां दहशत में आ गईं, जिससे उनकी जान चली गई। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने साबिर की तहरीर पर डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मंगलवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि क्या डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक शोर कर रहा था।
विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक तेज ध्वनि तरंगों से पक्षियों और जानवरों में घबराहट या कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जो इस मामले में मुर्गियों की मौत का संभावित कारण हो सकता है। कार्डियक अरेस्ट एक ऐसी गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है। इसमें दिल अचानक और अप्रत्याशित रूप से धड़कना बंद कर देता है।
जब दिल धड़कना बंद कर देता है, तो जानवर या इंसानों के शरीर के महत्वपूर्ण अंगों (जैसे मस्तिष्क और फेफड़ों) तक खून और ऑक्सीजन की सप्लाई रुक जाती है। अगर इसका तुरंत इलाज न किया जाए, तो यह कुछ ही मिनटों में जानलेवा हो सकता है।
एक्सपर्ट का कहना है कि डीजे की तेज आवाज से जो वेव निकलती है वो खतरनाक होती है। इंसान उससे बहरे भी हो सकते हैं। इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने तेज आवाज से बजने वाले डीजे पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। यह खबर चर्चा का विषय बना हुआ है।