Video: पत्नी से अलग होने की ऐसी खुशी? तलाक की मन्नत पूरी होने पर पति ने की 9km 'दंडवत यात्रा’, माता मंदिर का वीडियो वायरल

UP Viral News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के एक युवक ने 9 किलोमीटर की 'दंडवत यात्रा' पूरी करके सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। 25 साल के जोगेश ने यह यात्रा अपनी शादी बचाने के लिए नहीं, बल्कि पत्नी से छुटकारा मिलने का जश्न मनाने के लिए की है। वैवाहिक कलह से जूझने के बाद जब जोगेश की तलाक की मन्नत पूरी हुई तो उसने 'Dandavat Yatra' कर भगवान को धन्यवाद किया

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 7:52 PM
Story continues below Advertisement
UP Viral News: 25 वर्षीय जोगेश को 9 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग 12 घंटे लगे

UP Viral News: पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर 'तलाक की पार्टियां' एक नए ट्रेंड के तौर पर काफी तेजी से उभरी हैं। इस क्रम में उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के 25 साल के एक युवक ने अपनी पत्नी से अलग होने का जश्न स्थानीय माता मंदिर में अनोखे तरीके से आभार जताकर मनाया है। नवरात्रि के शुभ अवसर का लाभ उठाते हुए तलाकशुदा युवक ने अपनी परेशानियों भरी शादी के खत्म होने की खुशी में एक स्थानीय मंदिर तक 9 किलोमीटर की 'दंडवत यात्रा' की।

निजी जीवन में लंबे समय तक तनाव और वैवाहिक कलह से जूझने के बाद जब युवा जोगेश की तलाक की मन्नत पूरी हुई तो उसने 9 km की 'दंडवत यात्रा' कर माता रानी को धन्यवाद किया। यह मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के नरखोरिया गांव का है। जोगेश ने अपनी पत्नी से अलग होने की कामना को लेकर सिद्ध पीठ 'बैरवा समय माता मंदिर' में प्रार्थना की। जोगेश ने बताया कि उसकी शादी 2022 में हुई थी। तभी से वह वैवाहिक कलह से जूझ रहा था।

'दंडवत यात्रा की मांगी मन्नत'


युवा ने मन्नत मांगी थी कि यदि तलाक हो गया तो वह 'दंडवत यात्रा (Dandavat Yatra)' कर माता के मंदिर पहुंचेंगे। जोगेश ने दावा किया कि उसकी यह मन्नत 2025 में पूरी हुई। दो दिन पहले रविवार को सोशल मीडिया पर इस अनुष्ठान के वीडियो वायरल होने के बाद जोगेश पर लोगों की नजर पड़ी। जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 125 (पूर्व में CrPC की धारा 144) के तहत प्रतिबंध लागू होने के मद्देनजर जोगेश ने अनुष्ठान के लिए स्थानीय प्रशासन से अनुमति मांगी थी।

पुलिस ने दी सुरक्षा

उपजिलाधिकारी (भानपुर) हिमांशु कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए उसके गांव से मंदिर तक नौ किलोमीटर की यात्रा की अनुमति दी। थाना प्रभारी महेश सिंह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "28 मार्च को आयोजित इस यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।"

12 घंटे में पूरी हुई यात्रा

जोगेश ने पूरे दिन उपवास रखते हुए माता मंदिर तक की कठिन यात्रा पूरी की। जोगेश ने शनिवार सुबह बिना खाना और पानी के यात्रा शुरू की। उन्होंने करीब 12 घंटे में उसने इसे पूरा किया। इस दौरान उसके परिजन और ग्रामीण भी उसके साथ रहे। नरखोरिया निवासी जोगेश दिल्ली में पीओपी (इंटीरियर डिजाइन) क्षेत्र में काम करता है।

उन्होंने बताया कि शादी के बाद वह अपनी पत्नी को राजधानी दिल्ली ले गए थे। लेकिन कम आय एवं काम का समय निर्धारित नहीं होने को लेकर अक्सर विवाद होते थे। इससे वह तनाव में रहने लगा था। जोगेश ने कहा, "कठिन समय में लिया गया संकल्प ही इस 'दंडवत यात्रा' की प्रेरणा बना।"

जोगेश ने सुबह-सवेरे अपनी यात्रा शुरू की और शाम तक मंदिर पहुंच गए। पूरी यात्रा के दौरान, उन्हें 'जय श्री राम' और 'जय बजरंगबली' का जाप करते हुए सुना गया। युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- IPL में काम कर रहे ब्रिटिश इंजीनियर की मौत से हड़कंप, मुंबई के होटल में मिला शव

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।