Viral Video: महाराष्ट्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता जावेद शेख के बेटे राहिल शेख ने पहले एक मराठी महिला की कार को टक्कर मार दी। फिर उसने सरेआम महिला के साथ बदसलूकी की। रिपोर्ट के मुताबिक, राहिल शेख नशे में धुत था। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना का एक वीडियो भी शेयर किया है। MNS प्रमुख राज ठाकरे पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मराठी स्वाभिमान की रक्षा करने वालों का असली चेहरा देख लीजिए।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया है कि राज ठाकरे की पार्टी MNS के नेता जावेद शेख के बेटे राहिल शेख ने नशे में धुत होकर एक मराठी भाषी महिला के साथ सरेआम गाली-गलौज की। निरुपम ने जो वीडियो शेयर किया है उसके मुताबिक, जावेद शेख के बेटे ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। वह काफी समय तक महिला के साथ बहस करता रहा।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने लिखा, "नशे में धुत। अधनंगा। एक मराठी भाषिक महिला के साथ गाली-गलौज करता हुआ मनसे का नेता पुत्र। ऊपर से अपने बाप के रसूख़ की धौंस दे रहा है। मराठी स्वाभिमान की रक्षा करने का दावा करनेवालों का असली चेहरा देखिए। क्या इन्हीं मुसलमानों के दबाव में मनसेवाले हिंदुओं पर हमले कर रहे हैं?"
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, मराठी एक्ट्रेस राजश्री मोरे ने मनसे नेता जावेद शेख के बेटे राहिल जावेद शेख पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। इसके बाद मामले में मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। राखी सावंत की करीबी दोस्त राजश्री ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें राहिल उनकी कार को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना के बाद आरोपी और महिला से तीखी बहस हो रही है।
राखी सावंत की पूर्व सबसे अच्छी दोस्त राजश्री मोरे ने रविवार रात को यह चौंकाने वाला वीडियो शेयर किया। इसमें आरोपी अर्धनग्न अवस्था में राजश्री को गाली देते और धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना 6 जुलाई को मुंबई के अंधेरी उपनगर में हुई थी। वीडियो में आरोपी राहिल जावेद शेख को गाली देते हुए सुना जा सकता है। यह भी पता चलता है कि उसके पिता MNS के राज्य उपाध्यक्ष हैं।