बिहार में वन्यजीव प्रेमियों और सर्प विशेषज्ञों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में पहली बार वॉल्स करैत नामक सांप की दुर्लभ प्रजाति दर्ज की गई है। नेचर एनवायरमेंट एंड वाइल्ड लाइफ सोसाइटी के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक ने पटना में इस सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इससे पहले बिहार में करैत प्रजाति के सिर्फ दो प्रकार कॉमन करैत और बैंडेड करैत की मौजूदगी दर्ज थी, लेकिन इस खोज के बाद ये संख्या बढ़कर तीन हो गई है। इस दुर्लभ प्रजाति के मिलने से वैज्ञानिकों में उत्सुकता बढ़ गई है क्योंकि वॉल्स करैत को बेहद असाधारण और खतरनाक सांप माना जाता है।
