Credit Cards

Weather Updates: दिल्ली वालों का गर्मी से होगा हाल बेहाल, UP-बिहार और पश्चिम बंगाल में बारिश के आसार, जानें अपने शहर में मौसम का हाल

Weather Updates: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी दिल्ली में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में तापमान में बढ़ोतरी की आशंका जताई है। वहीं कुछ राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है

अपडेटेड Mar 21, 2025 पर 9:56 AM
Story continues below Advertisement
Weather Updates: मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है।

देश भर में पश्चिम विक्षोभ के राहत का दौर खत्म हो चुका है। ऐसे में कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा है। ऐसे में कहीं भीषण गर्मी तो कहीं बारिश का दौर शुरू होने वाला है। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से ठंडी हवाएं चल रही थीं। इस वजह से मौसम खुशनुमा और आरामदायक बना हुआ था। अब शुक्रवार से हवाओं पर ब्रेक लग जाएगा। इसकी वजह से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर में धूप की तपिश लोगों को परेशान करने लगेगी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक आज (21 मार्च 2025) आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है। हवाएं कम गति से चलेंगी। इसके बाद 22 से 26 मार्च तक आसमान साफ रहेगा। तेज और चटख धूप से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। इसका सीधा असर यह होगा कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री तक रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री तक रह सकता है।

राजस्थान में हल्की बारिश के आसार


राजस्थान में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस क्षेत्र में मौसमी बदलावों के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट भी आ सकती है। जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

बिहार में गर्मी से राहत

बिहार में बारिश के आसार हैं। जिससे बाद में तापमान में गिरावट आ सकती है। यहां की मौसम स्थिति में बदलाव होने के कारण गर्मी में थोड़ी राहत मिल सकती है। बारिश के कारण मौसम का तापमान सामान्य हो सकता है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना

वहीं मौसम विभाग ने एक बयान में काह है कि 20 से 22 मार्च तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और बिहार में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद स्थिति में सुधार होगा।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। वहीं पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किमी प्रति घंटा और पूर्वी यूपी में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग की तरफ से शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली के मयूर विहार में मंदिरों पर नहीं चलेगा बुलडोजर, भारी विरोध के बाद तोड़ने की कार्रवाई स्थगित

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।