Khaby Lame: दुनिया के सबसे फेमस टिकटॉकर स्टार खाबी लेम को लेकर बड़ी खबर आ रही है। टिकटॉक स्टार खाबी लेम को अमेरिका के लास वेगास में वीजा खत्म होने के बाद इमिग्रेशन नियमों को तोड़ने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। खाबी को 6 जून को नेवादा के लास वेगास स्थित हैरी रीड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आईसीई अधिकारियों द्वारा रोका गया था। हालांकि, बाद में उन्हें "सेल्फ डिपोर्ट" यानी खुद से अपने देश लौटने की अनुमति देकर उसी दिन छोड़ दिया गया।
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के एक अधिकारी ने द न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया बताया कि, खाबी लेम को 6 जून को अमेरिका छोड़ने की स्वैच्छिक अनुमति दी गई थी और अब वे खुद ही अमेरिका से चले गए है। इमिग्रेशन विभाग ICE के मुताबिक, खाबी 30 अप्रैल को अमेरिका आए थे, लेकिन वीजा की तय अवधि से ज्यादा समय तक रुकने की वजह से उन पर कार्रवाई की गई।
इटली के नागरिक खाबी लेम का असली नाम सेरिंगे खाबाने लेम है। COVID महामारी के दौरान खाबी लेम दुनिया भर में मशहूर हो गए। खाबी लेम को इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर उनके मजेदार कंटेंट के लिए जाना जाता है। इनके बिना आवाज वाले रिएक्शन वीडियो से लोगों को काफी पसंद आते हैं। इंस्टाग्राम पर इनके 8 करोड़ से ज्यादा और टिकटॉक पर 16 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके वीडियो में वे इंटरनेट पर मिलने वाली डिफिकल्ट सजेशन को मजाकिया तरीके से बताते है। लोगों को उनका ये वीडियो काफी पसंद आता था।
टिकटॉक सबसे ज्यादा फॉलोअर्स
मार्च 2020 में फैक्ट्री मैकेनिक की नौकरी छूटने के बाद, ट्यूरिन के पास चिवासो में घर ढूंढते हुए ही उन्हें अपने वीडियो बनाने का यह अनोखा आइडिया आया। अपने वेब स्केच और वीडियो में मजेदार हाव-भाव से उन्होंने दर्शकों को खूब हंसाया। 2022 में खाबी लेम ने टिकटॉक पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले कंटेंट क्रिएटर चार्ली डी'मेलियो को भी पीछे छोड़ दिया। सेनेगल-इतालवी खाबी लेम पिछले तीन साल से टिकटॉक पर यह जगह बनाए हुए हैं।
फोर्ब्स के मुताबिक, जून 2022 से सितंबर 2023 के बीच उन्होंने अपनी मशहूर पोस्ट से लगभग 16.5 मिलियन डॉलर (करीब 141 करोड़ रुपये) कमाए। यह कमाई उन्हें मार्केटिंग एग्रीमेंट से हुई। इसके अलावा, उन्हें फॉर्च्यून के '40 अंडर 40' और फोर्ब्स के '30 अंडर 30' जैसी जानी-मानी सूचियों में भी जगह मिली है। खाबी लेम ने 2023 में 'इटालियाज गॉट टैलेंट' में जज की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, वे कान्स 2022 में टिकटॉक शॉर्ट्स के लिए जूरी भी रहे हैं। 2024 में उन्होंने 'बैड बॉयज: राइड ऑर डाई' फिल्म में एक छोटा सा रोल किया। खाबी को 2025 में यूनिसेफ का सद्भावना राजदूत भी बनाया गया है, जहां उनका मुख्य काम अफ्रीकी युवाओं और बच्चों के अधिकारों पर केंद्रित होगा।
30 अप्रैल को आए थे अमेरिका
लेम को हाल ही में एक अस्थायी वीजा मिला था, जिसके बाद वे 30 अप्रैल को अमेरिका पहुंचे थे। पिछले महीने न्यूयॉर्क शहर के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में हुए मेट गाला में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। राजनीतिक कार्यकर्ता बो लाउडन ने दावा किया कि उन्होंने इमिग्रेशन अधिकारियों को खाबी लेम के बारे में बताया था और उनका कहना था कि लेम को नेवादा के हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। हालांकि, ICE ने इस बात का खंडन किया है। ICE का कहना है कि लेम को 6 जून को अपनी मर्जी से अमेरिका छोड़ने की इजाजत मिल गई थी और उन्होंने देश छोड़ दिया है।