बायराकतार किजिलेइल्मा, तुर्की का पहला बिना पायलट वाला लड़ाकू विमान, यानी अनमैन्ड फाइटर जेट (UAV), ने परीक्षण के दौरान एक जेट-ऑपरेटेड विमान को हवा से हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की BVR मिसाइल से गिरा दिया। यह दुनिया में पहली बार हुआ है कि किसी ड्रोन या UAV ने ऐसा काम किया हो।
रविवार को तुर्की की रक्षा कंपनी बायकॉर, जो इस UAV को बनाती है, ने बताया कि किजिलेइल्मा ने देश में बनी गोकदोगान एयर-टू-एयर मिसाइल दागी और तेज़ रफ्तार वाले जेट टारगेट को सफलतापूर्वक मार गिराया।
कंपनी ने कहा, "मिसाइल को UAV के पंख के नीचे से दागा गया था। लक्ष्य को पहचानने और ट्रैक करने के लिए ASELSAN का MURAD AESA रडार इस्तेमाल हुआ। यह तुर्की के विमानन इतिहास में पहली बार है जब किसी राष्ट्रीय (घरेलू) विमान ने, देश में बनी मिसाइल को, देश में बनी रडार तकनीक की मदद से किसी हवाई लक्ष्य पर दागा है।"
कंपनी के अनुसार, इससे साबित हुआ कि किज़िलेइल्मा दुनिया का पहला और एकमात्र ऐसा UAV है जिसकी हवा-से-हवा लड़ाई (Air-to-Air Combat) करने की क्षमता प्रमाणित हो चुकी है।
टेस्ट के दौरान मेर्जिफोन एयर बेस से पांच F-16 लड़ाकू विमान भी किजिलेइल्मा के साथ उड़ान भर रहे थे, ताकि मिलकर पायलट-वाले और बिना पायलट वाले विमानों की संयुक्त क्षमता का परीक्षण हो सके।
किजिलेइल्मा का कम रडार सिग्नेचर और उन्नत सेंसर उसे दुश्मन के विमानों को दूर से पहचानने में मदद करते हैं, जबकि वह खुद रडार पर कम दिखाई देता है।
इस UAV में MURAD AESA रडार, TOYGUN टारगेटिंग सिस्टम जैसी आधुनिक तकनीकें लगी हैं और यह कई तरह के घरेलू हथियारों को ले जा सकता है।