Iran Earthquake: मंगलवार को दक्षिणी ईरान के गेराश क्षेत्र में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। यह तब हुआ जब अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमले पूरे देश में जारी हैं, जिससे पहले से ही तनाव बढ़ा हुआ है। भूकंप से अभी तक किसी बड़ी क्षति या हताहत की कोई खबर नहीं है।
यह भूकंप ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जा रहे तीव्र हवाई हमलों के बीच आया है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि तेहरान से 800 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित करमान एयर बेस पर हुए हमले में कम से कम 13 ईरानी सैनिक मारे गए। तसनीम समाचार एजेंसी और हमशहरी दैनिक समाचार पत्र ने बताया कि सैन्य हेलीकॉप्टरों वाले इस एयर बेस को हमले का निशाना बनाया गया था।
शनिवार से ही ईरान की धरती पर हो रहे हवाई हमले
शनिवार से ही इजराइल और अमेरिका ईरानी धरती पर हवाई हमले कर रहे हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि ईरान के खिलाफ अभियान में "कुछ समय" लग सकता है, लेकिन यह वर्षों तक नहीं खिंचेगा। उन्होंने संकेत दिया कि यह अभियान लंबे कब्जे के बजायरणनीतिक लक्ष्यों पर केंद्रित होगा।
इजरायली सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादव शोशानी ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि इजरायल ने कई हफ्तों तक चलने वाले अभियान की तैयारी कर ली है, लेकिन जमीन पर अपनी फौज भेजने की संभावना कम है। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि फिलहाल इजरायली सेना के लिए ऐसा करना बहुत संभव है। फिलहाल मेरी जानकारी में ऐसा कोई ठोस विचार नहीं है।"
भूकंप और लगातार चल रहे हवाई हमले ईरान पर प्राकृतिक और सैन्य दोनों तरह के दबाव को दिखाते हैं, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ रही है।