Baba Siddique Murder Case: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी जीशान अख्तर को कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी मुंबई क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने दी है। जीशान अख्तर को अब कनाडा से भारत लाने की तैयारी की जा रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों ने दावा किया है कि उन्हें आरोपी जीशान अख्तर की हिरासत में होने की जानकारी मिली है। जीशान अख्तर वारदात के बाद से फरार था। अब इस बात की जांच की जा रही है कि वह देश से बाहर कैसे पहुंचा। मुंबई पुलिस को शक है कि आरोपी ने विदेश जाने के लिए फर्जी पासपोर्ट का सहारा लिया होगा।