Bangladesh Plane Crash: बांग्लादेश वायु सेना का चीन में बना एक विमान सोमवार दोपहर राजधानी ढाका में एक स्कूल भवन से टकरा गया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बांग्लादेश वायुसेना का एक F-7 BGI ट्रेनिंग एयरक्रॉप्ट सोमवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उत्तरी ढाका के उत्तरा में एक स्कूल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। बांग्लादेश सरकार ने इस त्रासदी पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश वायु सेना का चीन निर्मित F-7 बीजीआई ट्रेनिंग विमान सोमवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरा और लगभग 1.30 बजे ढाका के उत्तरा में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज की इमारत से टकरा गया।
ढाका ट्रिब्यून ने फायर सर्विस कंट्रोल रूम की ड्यूटी ऑफिसर लीमा खानम के हवाले से बताया, "हमें सोमवार दोपहर 1:18 बजे सूचना मिली कि उत्तरा में माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के पास एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। बचाव कार्य के लिए उत्तरा, टोंगी, पल्हबी, कुरमिटोला, मीरपुर और पूर्वाचल फायर स्टेशनों की आठ इकाइयां मौके पर काम कर रही हैं।"
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई लोगों को घटनास्थल पर देखा जा सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि चार घायल लोगों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से संयुक्त सैन्य अस्पताल (सीएमएच) ले जाया गया है।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के उत्तरा डिवीजन के डिप्टी पुलिस कमिश्नर मोहिदुल इस्लाम ने मीडिया से बातचीत में कहा, "माइलस्टोन कॉलेज क्षेत्र में एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। बचाव कार्य जारी है और जल्द ही और जानकारी दी जाएगी।"
दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के प्रवक्ता ने बताया कि विमान स्कूल के गेट के पास गिरा। जिस स्कूल परिसर में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां क्लासेस चल रही थीं।