Get App

बांग्लादेश पुलिस ने इंटरपोल से मांगी मदद, शेख हसीना समेत 12 लोगों के खिलाफ जारी हो सकता है रेड कॉर्नर नोटिस

Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बांग्लादेश पुलिस ने इंटरपोल से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और 11 अन्य लोगों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की अपील की है। पुलिस ने हाल ही में शेख हसीना और 72 अन्य के खिलाफ गृह युद्ध भड़काने और अंतरिम प्रशासन को हटाने की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Apr 20, 2025 पर 10:58 AM
बांग्लादेश पुलिस ने इंटरपोल से मांगी मदद, शेख हसीना समेत 12 लोगों के खिलाफ जारी हो सकता है रेड कॉर्नर नोटिस
Sheikh Hasina: बांग्लादेश पुलिस के एनसीबी ने इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस की मांग की है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। देश छोड़ने के बाद शेख हसीना भारत आ गईं थी। इसके बाद से ही उनकी मुश्किलें बढ़ने लगीं। वहीं अब बांग्लादेश की पुलिस ने इंटरपोल के जरिए शेख हसीना समेत 12 लोगों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की अपील की है। इस लिस्ट को बांग्लादेश पुलिस के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो की ओर से जारी किया गया है। बांग्लादेशी मीडिया में शनिवार को ये जानकारी दी गई है। पुलिस मुख्यालय में सहायक महानिरीक्षक (मीडिया) इनामुल हक सागर ने इंटरपोल के सामने अनुरोध भेजे जाने की पुष्टि की है।

बांग्लादेश पुलिस ने हाल ही में शेख हसीना और 72 अन्य के खिलाफ गृह युद्ध भड़काने और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन को हटाने की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया है। शेख हसीना के देश छोड़ने के तीन दिन बाद बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन हुआ। मोहम्मद यूनुस इस सरकार के प्रमुख बने। यूनुस सरकार ने शेख हसीना और उनके सहयोगियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण में केस चलाया। न्यायाधिकरण ने शेख हसीना, उनके मंत्रियों और सहयोगियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।

भारत में हैं शेख हसीना

77 साल की शेख हसीना पिछले साल 5 अगस्त को भारत आ गईं थी। तब से वह भारत में रह रही हैं। वहां बड़े पैमाने पर शेख हसीना सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन हुए थे। उनकी अवामी लीग (एएल) की 16 साल की सरकार को छात्रों के एक प्रदर्शन ने उखाड़ फेंका था। उनकी पार्टी के ज़्यादातर नेता और उनकी सरकार के मंत्री मानवता के खिलाफ़ अपराध या सामूहिक हत्या जैसे आरोपों में गिरफ़्तार कर लिए गए हैं। वहीं कुछ नेता मुकदमों से बचने के लिए विदेश भाग गए हैं। बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार के अनुसार, एनसीबी ने यह अनुरोध अदालतों, लोक अभियोजकों और जांच एजेंसियों की अपील के आधार पर इंटरपोल से नोटिस की मांग की है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें