गुरुवार को सिलहट में भारत के वरिष्ठ कांसुलर अधिकारी अनिरुद्ध दास ने बांग्लादेशी मीडिया को बताया कि, बांग्लादेशी नागरिकों के लिए सभी तरह की भारतीय वीजा सेवाएं दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मेडिकल और डबल-एंट्री वीज़ा जारी किए जा रहे हैं। ट्रैवल वीजा समेत बाकी श्रेणियों की सेवाएं भी जल्द शुरू कर दी जाएंगी। उनके मुताबिक, “बहुत जल्द भारतीय वीजा प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।” इसे दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की शुरुआती निशानी माना जा रहा है। इस हफ्ते की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तारीक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने रहमान से मुलाकात भी की और पीएम मोदी का एक पत्र सौंपा, जिसमें उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया गया है। अब देखना यह होगा कि क्या रहमान प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए दिल्ली को चुनते हैं, जैसा पहले परंपरा रही है। पिछले साल मोहम्मद युनूस ने अपनी पहली यात्रा चीन की की थी, जिससे दिल्ली में नाराजगी देखी गई थी।