Bangladesh: पहले गैंगरेप किया, फिर पेड़ से बांधकर सरेआम काटे बाल... बांग्लादेश में हिंदू विधवा से दरिंदगी की इंतहा!

Bangladesh Violence: बांग्लादेश से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर दो लोगों ने एक हिंदू महिला का गैंगरेप किया। फिर उन्होंने महिला को एक पेड़ से बांध दिया और उसके बाल काट दिए। यह घटना पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ जारी निर्मम अत्याचारों का एक ताजा उदाहरण है

अपडेटेड Jan 05, 2026 पर 9:35 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ दरिंदगी की एक और घटना सामने आई है

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ लगातार दरिंदगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस बीच, बांग्लादेश के झेनैदाह जिले के कलिगंज सब-डिवीजन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 40 साल की हिंदू महिला के साथ कथित तौर पर दो लोगों ने गैंगरेप किया। फिर उन्होंने उसे एक पेड़ से बांध दिया और उसके बाल काट दिए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने बच्चे के साथ झेनैदाह में रहती हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने अपनी पुलिस शिकायत में बताया कि उसने ढाई साल पहले कलिगंज नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 में शाहिन और उसके भाई से 20 लाख रुपये में एक दो मंजिला घर के साथ तीन डेसिमल जमीन खरीदी थी। इसके बाद, शाहिन उसे गलत प्रस्ताव देने लगा। बाद में जब उसने मना किया तो वह उसे परेशान करने लगा।

शनिवार शाम को विधवा महिला के गांव से दो रिश्तेदार आए हुए थे। तभी शाहिन और उसका साथी हसन जबरदस्ती महिला के घर में घुस गए और उसके साथ गैंगरेप किया। इसके बाद उन्होंने उससे 50,000 टका (लगभग 37,000 रुपये) भी मांगे।

जब उसने पैसे देने से मना किया, तो उन्होंने कथित तौर पर रिश्तेदारों पर हमला कर दिया। फिर आरोपियों ने उन्हें घर से भगा दिया। जब महिला चिल्लाने लगी, तो उन्होंने उसे एक पेड़ से बांध दिया। फिर सरेआम उसके बाल काट दिए। दरिंदों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया। फिर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।

बेहोश हुई महिला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता को तब तक टॉर्चर किया गया जब तक वह बेहोश नहीं हो गई। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे बचाकर अस्पताल ले गए। झेनैदा सदर अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. मोहम्मद मुस्तफिजुर रहमान ने बताया कि महिला ने शुरू में हमले के बारे में नहीं बताया था। मेडिकल जांच के बाद इसकी पुष्टि हुई।


होश में आने के बाद पीड़िता ने कालीगंज पुलिस स्टेशन में शाहिन और हसन के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। झेनैदा के एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस बिलाल हुसैन ने कहा, "हमने पीड़िता को पुलिस स्टेशन बुलाया है। हमने उसकी शिकायत दर्ज की है। जांच के बाद पुलिस कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।"

हिंदुओं पर अत्याचार जारी

यह घटना हाल के हफ्तों में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के परेशान करने वाले सिलसिले के बीच हुई है। इससे पहले बांग्लादेश के शरियतपुर जिले में एक हिंदू व्यक्ति खोकन चंद्र दास पर भीड़ ने हमला किया। फिर उनके शरीर में आग लगा दी गई। उसी दिन एक महिला का रेप किया गया। दास आगे के साथ तालाब में कूदकर भागने में कामयाब हो गए। लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके अलावा 24 दिसंबर को बांग्लादेश के कलिमोहर यूनियन में एक और हिंदू युवक अमृत मंडल को हिंसक भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। बांग्लादेश में मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने हत्या की निंदा की। लेकिन साथ ही कहा कि मंडल एक जबरन वसूली करने वाला था। उसकी हत्या में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था।

ये भी पढ़ें- Bangladesh: बांग्लादेश में एक और हिन्दू की हत्या, राणा बैरागी को बीच सड़क पर मारी गई गोली

25 साल के दीपू चंद्र दास को भी 18 दिसंबर को ईशनिंदा का झूठा आरोप लगाकर भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था। उसके शव को भी पेड़ से लटकाकर आग लगा दी गई थी। भारत ने बांग्लादेश में यूनुस सरकार के तहत अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार हिंसा पर चिंता जताई है। नई दिल्ली ने कहा है कि वह अपने पड़ोसी देश में हो रहे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रख रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।