Khaleda Zia बाग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष बेगम खालेदा जिया की हालत पिछले कुछ समय से नाजुक बनी हुई है। 80 साल की एक्स पीएम जिया की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही है। उन्हें फिलहाल ढाका के एवरकेयर अस्पताल के सघन चिकित्सा कक्ष (CCU) में रखा गया है। सीने में गंभीर संक्रमण होने के बाद जिया को दो सप्ताह पहले भर्ती कराया गया था।
स्थानीय मीडिया के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री जिया को इलाज के लिए लंदन ले जाने के लिए कतर से एक ‘एयर एम्बुलेंस’ मंगलवार को ढाका पहुंचेगी। एयर एम्बुलेंस को मंगलवार सुबह आठ बजे ढाका में उतरने और उसी दिन रात नौ बजे लंदन रवाना होने की अनुमति दी गई हैऍ यह जानकारी बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएबी) के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से मिली है।
कतर सरकार ने जर्मनी की एफएआई एविएशन ग्रुप से एयर एम्बुलेंस किराये पर लेकर यह व्यवस्था की है। एफएआई एविएशन द्वारा पहले भेजे गए आवेदन में मंगलवार को एयर एम्बुलेंस को ढाका में उतारने और बुधवार को लंदन रवाना करने की मंजूरी मांगी गई थी, जिसे बाद में संशोधित किया गया। कतर दूतावास से मिली जानकारी के अनुसार बेगम जिया के लिए भेजी जा रही एयरएंबुलेंस बॉम्बार्डियर चैलेंजर (CL-60 सीरीज) है। इसमें क्रिटिकल-केयर संबंधी सभी उपकरण मौजूद हैं। इसमें वेंटिलेटर, मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप और ऑक्सीजन सिस्टम शामिल हैं। विमान में डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक्स भी मौजूद होंगे, जो उड़ान के दौरान इंटेंसिव केयर प्रदान करने में सक्षम होंगे।
तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकीं जिया को पहले शुक्रवार सुबह एयरएंबुलेंस की मदद से लंदन ले जाने की योजना थी, जिसे कतर के अमीर द्वारा उपलब्ध कराया गया था। मगर, विमान में तकनीकी समस्याओं के कारण यह यात्रा रद्द कर दी गई थी। इसके बाद रविवार को उड़ान भरने की योजना उनके खराब स्वास्थ्य के कारण स्थगित करनी पड़ी। उनके निजी डॉक्टर और बीएनपी के नीति निर्धारण समिति के सदस्य डॉ एजेडएम जहीद हुसैन ने बताया कि बेगम जिया के स्वास्थ्य बोर्ड ने उन्हें लंदन उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी है।
बता दें, जनवरी 2025 में भी खालेदा जिया इलाज के लिए लंदन गई थीं। इसके लिए एयरएंबुलेंस कतर के अमीर ने उपलब्ध कराई थी।