Pakistan News: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में प्रांतीय राजधानी क्वेटा सहित सात बड़े शहरों पर बलूच लड़ाकों ने एक साथ हमले किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के अलगाववादी बलूचिस्तान के दर्जनों शहरों में घुस गए हैं। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि क्वेटा शहर में हालात काफी गंभीर हैं। सभी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। क्वेटा के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों और लड़ाकों के बीच गोलीबारी और धमाके हो रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बलूच अलगाववादी मिलिटेंट ग्रुप BLA ने बलूचिस्तान के 5 जिलों में 'एक साथ हमला किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 10 पाकिस्तानी जवानों की मौत हो गई। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, बलूचिस्तान के पांच जिलों में बलूच अलगाववादी मिलिटेंट ग्रुप BLA के एक कोऑर्डिनेटेड हमले में कम से कम 10 सिक्योरिटी अधिकारी और 37 आतंकी मारे गए।
लोकल सिक्योरिटी अधिकारी के मुताबिक, ये हमले बंदूकों और सुसाइड बॉम्बिंग से किए गए। न्यूज एजेंसी AFP ने प्रांतीय राजधानी क्वेटा में मौजूद एक सीनियर सिक्योरिटी अधिकारी के हवाले से बताया, "आतंकवादियों ने आज सुबह 12 से अधिक जगहों पर कोऑर्डिनेटेड हमले किए। कोऑर्डिनेटेड बंदूक और सुसाइड हमले पूरे बलूचिस्तान में किए जा रहे हैं। खासकर क्वेटा, पसनी, मस्तुंग, नुश्की और ग्वादर जिलों में सबसे अधिक हमले किए गए।"
मौतों की संख्या के बारे में बात करते हुए अधिकारी ने आगे कहा, "37 आतंकवादियों को मार गिराया गया है... 10 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए जबकि कुछ अन्य घायल हो गए।" उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि उन्हें इस बारे में मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं थी। उसने बताया, "अकेले क्वेटा में कम से कम चार पुलिसकर्मी मारे गए।" AFP की रिपोर्ट के अनुसार, बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमलों की जिम्मेदारी ली है।
उग्रवादी अलगाववादी समूह ने कहा कि उनका मकसद मिलिट्री ठिकानों और पुलिस और सिविल एडमिनिस्ट्रेशन अधिकारियों को निशाना बनाना था। इस हमले के साथ समूह ने "ऑपरेशन हेरोफ (Operation Herof)" के दूसरे चरण की घोषणा की है। न्यूज़ एजेंसी ANI ने द बलूचिस्तान पोस्ट (TBP) के हवाले से यह रिपोर्ट दी है। BLA ने पहले "मातृभूमि की रक्षा" के लिए एक नया चरण शुरू करने की अपनी योजनाओं के बारे में बताया था।
इस उग्रवादी घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई शहरों में इमरजेंसी टीमों को तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी नागरिक के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। हमले की पुष्टि करते हुए एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि हमला तालमेल से किया गया था। लेकिन खराब तरीके से अंजाम दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि तेज़ सुरक्षा कार्रवाई के कारण उग्रवादी नुकसान नहीं पहुंचा सके।
अधिकारियों ने बताया कि खराब प्लानिंग और प्रभावी सुरक्षा कार्रवाई के तहत तेजी से नाकाम होने के कारण हमले विफल रहे। रिपोर्टों के अनुसार, स्थिति अभी भी कंट्रोल में नहीं आई है। दशकों से पाकिस्तान बलूचिस्तान में अलगाववादी विद्रोह का सामना कर रहा है। यहां आतंकवादियों ने बार-बार सुरक्षा बलों, विदेशी नागरिकों और क्षेत्र के बाहर के लोगों को निशाना बनाया है।