Iran Conflict: क्या ईरान ने मार गिराया अमेरिका का सबसे खतरनाक 'B-2 स्टील्थ बॉम्बर'? वायरल वीडियो से छिड़ी बहस

US B-2 Bomber: अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, शनिवार को 12 घंटों के भीतर ईरान पर लगभग 900 हवाई हमले किए गए। B-2 बॉम्बर्स ने मुख्य रूप से ईरान के भूमिगत बैलिस्टिक मिसाइल केंद्रों को तबाह किया है। अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में दो विमान वाहक पोत और तीन विध्वंसक भी तैनात कर रखे हैं

अपडेटेड Mar 02, 2026 पर 8:27 AM
अमेरिकी वायुसेना का B-2 स्पिरिट दुनिया के सबसे महंगे और खतरनाक विमानों में से एक है

US B-2 Bomber: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि ईरानी सेना ने अमेरिका के सबसे घातक और आधुनिक B-2 बॉम्बर को मार गिराया है। यह विमान शनिवार को ईरान पर हुए भीषण अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों का हिस्सा था। हालांकि, अभी तक किसी भी आधिकारिक सूत्र ने इस विमान के गिरने की पुष्टि नहीं की है।

वायरल वीडियो में क्या है?

पत्रकार सुलेमान अहमद द्वारा 'X' पर शेयर किए गए इस वीडियो में उत्तरी ईरान के माउंट दमावंद के पास एक जलती हुई विशाल वस्तु को तेजी से नीचे गिरते देखा जा सकता है। जमीन से टकराते ही इसमें एक जोरदार धमाका होता है। सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि यह वही अरबों डॉलर का 'स्टील्थ' विमान है जिसे अमेरिका अपनी सबसे बड़ी ताकत मानता है, लेकिन वीडियो की सत्यता की अभी स्वतंत्र जांच नहीं हो पाई है।


क्या वाकई 'B-2 बॉम्बर' गिरा है?

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि B-2 जैसे 'स्टैल्थ' विमान को मार गिराना बेहद कठिन है। वायरल वीडियो किसी ड्रोन या अन्य मिसाइल का भी हो सकता है। अब तक अमेरिका ने अपने किसी भी विमान के नुकसान की खबर नहीं दी है, वहीं ईरान इस वीडियो को अपनी 'बड़ी जीत' के रूप में प्रचारित कर रहा है।

B-2 स्टील्थ बॉम्बर क्यों है इतना खास

अमेरिकी वायुसेना का B-2 स्पिरिट दुनिया के सबसे महंगे और खतरनाक विमानों में से एक है। इसकी बनावट ऐसी है कि यह दुश्मन के रडार की पकड़ में नहीं आता। इसकी सटीक मारक क्षमता इसे बेहद खास बनाती है। यह 2,000 पाउंड के बमों से लैस होकर गहरी सुरंगों और बंकरों को नष्ट कर सकता है। पेंटागन ने पुष्टि की है कि शनिवार के हमलों में इन्हीं बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का आवास भी निशाना बना था।

मिडिल ईस्ट में अमेरिका का भारी सैन्य जमावड़ा

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, शनिवार को 12 घंटों के भीतर ईरान पर लगभग 900 हवाई हमले किए गए। B-2 बॉम्बर्स ने मुख्य रूप से ईरान के भूमिगत बैलिस्टिक मिसाइल केंद्रों को तबाह किया है। अमेरिका ने क्षेत्र में दो विमान वाहक पोत और तीन विध्वंसक भी तैनात कर रखे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।