अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर 18 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना करीबी दोस्त बताया। उन्होंने पीएम मोदी से अपने व्यक्तिगत रिश्ते और प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उन्हें दी गई बधाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हालांकि वह पीएम मोदी के बहुत करीब है, लेकिन उन्होंने भारत पर काफी ज्यादा टैरिफ लगाया, क्योंकि भारत ने रूस से तेल खरीदा।
इंग्लैंड की यात्रा के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं ये बातें
इंग्लैंड की यात्रा पर गए ट्रंप ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं इंडिया के काफी करीब हूं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफी करीब हूं। मैंने उनके जन्मदिन पर उनसे बातचीत की और उन्हें बधाई दी। हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं। उन्होंने (मोदी) ने भी बहुत अच्छा बयान दिया...लेकिन मैंने कहा कि मैंने भारत पर ज्यादा टैरिफ लगाया।"
रूस से तेल खरीदने पर यूरोपीय देशों की भी आलोचना
ट्रंप का भारत और मोदी के बारे में यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब उन्होंने रूस से तेल खरीदने के लिए यूरोपीय देशों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इससे यूक्रेन से जारी लड़ाई के दौरान रूस को अलग-थलग करने की कोशिशों को झटका लगता है। यह ध्यान देने वाली बात है कि ट्रंप बीते कुछ हफ्तों से भारत और खासकर पीएम मोदी के बारे में अच्छी बातें कह रहे हैं। इससे दोनों देशों के रिश्तों में बेहतरी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
ट्रंप और मोदी ने आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने की बात कही है
पीएम मोदी के जन्मदिन पर बधाई देने के दौरान ट्रंप ने यह भी कहा था कि वह (मोदी) बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई खत्म कराने में उनके (पीएम मोदी) के सहयोग के लिए भी उन्हें बधाई दी थी। इसके जवाब में मोदी ने भी उन्हें फोन करने के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि वह और ट्रंप भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
रूस से तेल खरीदने पर भारत पर लगाई थी पेनाल्टी
इससे पहले ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया था। उन्होंने कहा था कि यह पेनाल्टी है, जो उन्होंने रूस से तेल खरीदने के लिए लगाई है। इससे दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी आई थी। भारत को उम्मीद नहीं की थी कि ट्रंप भारत पर इतना ज्यादा टैरिफ लगाएंगे। भारत दुनिया में दूसरा देश है, जिस पर ट्रंप ने इतना ज्यादा टैरिफ लगाया है। उन्होंने भारत के अलावा 50 फीसदी टैरिफ सिर्फ ब्राजील पर लगाया है।
16 सितंबर को भारत और अमेरिका के बीच हुई बातचीत
इस महीने की शुरुआत में ट्रंप और पीएम मोदी दोनों ने ट्रेड डील को लेकर बातचीत दोबारा शुरू करने के बारे में बताया था। उन्होंने दोनों देशों के बीच जल्द डील होने की भी उम्मीद जताई थी। 16 सितंबर को भारत और अमेरिका ने ट्रेड डील की बातचीत की दिशा में अगले कदम को लेकर चर्चा की। अमेरिका ने इस बातचीत को सकारात्मक बताया। इससे यह संकेत मिला कि दोनों देश मतभेद कम करने और रिश्तों को बेहतर बनाने के इच्छुक हैं।