अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को क्यूबा को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने हवाना से 'डील' करने की सलाह दी, नहीं तो नतीजे भुगतने होंगे। ट्रंप ने वेनेजुएला से क्यूबा जाने वाले तेल और वित्तीय सहायता को पूरी तरह रोकने का संकेत दिया है। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, “क्यूबा को अब तेल या पैसा नहीं मिलेगा – जीरो!” इसके बाद उन्होंने क्यूबा नेतृत्व को चेतावनी दी, “मैं जोरदार सलाह देता हूं कि वे सौदा करें, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए।”
ये बयान अमेरिका की क्यूबा नीति में सख्त रुख की ओर इशारा करते हैं। खासतौर पर वेनेजुएला से मिलने वाली आर्थिक मदद पर निशाना साधा गया है, जो क्यूबा की जीवनरेखा है। क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच ये कदम महत्वपूर्ण है।
मार्को रूबियो को क्यूबा का राष्ट्रपति? ट्रंप की पोस्ट ने मचाया हंगामा
ट्रंप ने एक और विवादास्पद पोस्ट शेयर कर राजनीतिक हलचल मचा दी। उन्होंने 8 जनवरी के एक पोस्ट को रीपोस्ट किया, जिसमें यूजर क्लिफ स्मिथ ने लिखा, “मार्को रूबियो क्यूबा के राष्ट्रपति होंगे” – साथ में रोते हंसने वाला इमोजी। ट्रंप ने प्रतिक्रिया में लिखा, “मुझे अच्छा लगता है!”
रूबियो अमेरिकी विदेश नीति के प्रमुख चेहरे हैं और क्यूबाई आप्रवासियों के बेटे हैं। वे क्यूबा सरकार के कट्टर आलोचक रहे हैं। ये पोस्ट एक कम फॉलोअर्स वाले 'कंजर्वेटिव कैलिफोर्नियन' यूजर का था।
ये सब तब हो रहा है जब पिछले हफ्ते काराकास में अमेरिकी अभियान में वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को रात के हमले में पकड़ा गया। इसमें दर्जनों वेनेजुएली और क्यूबाई सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई। क्षेत्रीय तनाव चरम पर है।