Elon Musk News: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क का कहना है कि अगले पांच साल तक दिग्गज ईवी कंपनी टेस्ला (Tesla) के मालिक वही बने रहेंगे। उन्होंने राजनीतिक खर्च को कम करने की योजना के बारे में भी खुलासा किया। इस खुलासे से मस्क की सबसे वैल्यूएबल कंपनी के भविष्य को लेकर कुछ निवेशकों की चिंताएं शांत पड़ी। उन्होंने ये बातें ब्लूमबर्ग न्यूज से दोहा के कतर इकनॉमिक फोरम में रिमोट अपियरेंस के दौरान कही। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ बड़ा करने के लिए टेस्ला में उन्हें अच्छा पैकेज मिलना चाहिए।
पैसा नहीं, Tesla पर नियंत्रण चाहते हैं Elon Musk
एलॉन मस्क का मानना है कि टेस्ला में उन्हें उचित पैकेज नहीं मिलता है। इसे लेकर उन्होंने डेलवेयर के जज की आलोचना की, जिन्होंने वर्ष 2018 में कंपनी की तरफ से दिए गए भारी-भरकम पैकेज के खिलाफ दो बार फैसला सुनाया। मस्क ने जोर देकर कहा कि यह पैसे का मामला नहीं है, बल्कि कंपनी भविष्य पर नियंत्रण रखने का एक उचित तरीका है। एलॉन मस्क वर्ष 2008 से टेस्ला के सीईओ हैं। उनके पास 37.6 हजार करोड़ डॉलर की दौलत है और ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक वह दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं।
राजनीतिक खर्च कम करेंगे मस्क
मस्क ने इस बात से भी इनकार किया कि टेस्ला की छवि को उनसे नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि लेफ्ट विंग वाले कंज्यूमर्स को कंपनी ने खोया है तो राइट विंग कंज्यूमर्स जोड़े भी तो हैं। उन्होंने अपने खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की आलोचना की और कहा कि वे गलत कर रहे हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ कुछ किया जाना चाहिए और उनमें से कुछ लोग जेल जाने लायक हैं। मस्क ने फिर कहा कि वह आने वाले समय में राजनीति पर कम खर्च करेंगे और अब तक उन्होंने पर्याप्त खर्च कर लिया है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में राजनीतिक खर्च करने का कोई कारण नजर आता है, तो वह करेंगे, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई कारण नजर नहीं आता।
सेल्स में गिरावट के बाद मस्क पर उठे सवाल
टेस्ला में एलॉन मस्क की भूमिका पर सवाल तब उठे, जब दस साल में पहली बार टेस्ला के गाड़ियों की बिक्री में गिरावट आई। यूरोप के बड़े ईवी मार्केट में अप्रैल में टेस्ला की बिक्री में गिरावट जारी रही। हालांकि इसे लेकर टेस्ला के सीईओ का कहना है कि यह क्षेत्र कंपनी के लिए सबसे कमजोर है, लेकिन बाकी जगहों पर कंपनी मजबूत है। उनका कहना है कि कंपनी की सेल्स अच्छी है और किसी अहम बिक्री में गिरावट के आसार नहीं हैं।