यूरोपीय यूनियन (EU) ने अमेरिका से आने वाले 21 अरब यूरो के सामान पर लगने वाले जवाबी टैरिफ को फिलहाल 14 जुलाई तक टाल दिया है। इसका मकसद है कि अमेरिका के साथ बातचीत का रास्ता खुला रहे। इससे ट्रेड वॉर में नरमी आने का संकेत माना जा रहा है। इसका असर मंगलवार को शेयर मार्केट पर भी दिख सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को EU पर 20% रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। लेकिन एक हफ्ते बाद ही टैरिफ 90 दिनों के लिए रोक दिया गया। इसके जवाब में EU ने भी अमेरिका से आने वाले स्टील, एल्युमिनियम और कारों पर अपने जवाबी टैरिफ रोकने का फैसला किया। हालांकि अमेरिका के पुराने टैरिफ अब भी लागू हैं।
EU का ये फैसला मंगलवार से लागू हो गया है। EU के व्यापार प्रमुख मारोस शेफचोविच सोमवार को इस मुद्दे पर बातचीत के लिए अमेरिका में थे। दोनों पक्ष उम्मीद कर रहे हैं कि 90 दिनों के भीतर कोई समझौता हो सकता है।
अब भी तनावपूर्ण है व्यापारिक माहौल
EU का कहना है कि अमेरिका के टैरिफ 'अनुचित और नुकसानदायक' हैं। इससे न केवल दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को, बल्कि पूरी दुनिया को झटका लग सकता है।
10 फरवरी को अमेरिका ने यह ऐलान किया कि वह स्टील और एल्युमिनियम जैसे उत्पादों पर 25% टैरिफ लगाएगा। यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने तुरंत चेतावनी दी कि यह कदम व्यापार के लिए नुकसानदायक होगा, और उपभोक्ताओं पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि यूरोप इस पर सख्त और उचित प्रतिक्रिया देगा। ये टैरिफ 12 मार्च से लागू किए गए थे।
यह टैरिफ 25% तक होगा और यह केवल स्टील और एल्युमिनियम ही नहीं, बल्कि इनसे बने अन्य उत्पादों जैसे सेमी-फिनिश्ड और फिनिश्ड स्टील, एल्युमिनियम, और इनके व्यावसायिक उत्पादों पर भी लागू होगा। उदाहरण के लिए, मशीन के पार्ट्स से लेकर स्वेटर की सुइयों तक पर यह टैरिफ लगाया जाएगा।
यूरोपीय यूनियन ने जवाबी एक्शन क्यों रोका
इसके बाद यूरोपीय यूनियन ने अमेरिकी माल पर काउंटरमेजर्स यानी जवाबी कदम उठाने की योजना बनाई, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वे अमेरिका के साथ बातचीत करके इसका हल निकालना चाहते हैं।
9 अप्रैल को यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने आयोग के प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिसमें कहा गया था कि अगर अमेरिका अपना फैसला वापस नहीं लेता तो यूरोपीय संघ काउंटरमेजर्स लगाएगा।
फिर, 9 अप्रैल को ही अमेरिका ने यह घोषणा की कि वह यूरोपीय संघ पर लगाए गए सभी टैरिफ को 90 दिनों के लिए स्थगित कर रहा है। इसके जवाब में, यूरोपीय संघ ने तुरंत अपनी काउंटरमेजर्स को स्थगित करने का निर्णय लिया।
14 अप्रैल को यूरोपीय आयोग ने दो कानूनों को मंजूरी दी। पहला कानून यूरोपीय संघ के काउंटरमेजर्स को लागू करने से संबंधित था, जबकि दूसरा कानून उन्हें तुरंत निलंबित करने से जुड़ा था।