
वेनेजुएला पर अमेरिकी एक्शन और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। अमेरिकी सेना ने ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व' के तहत मादुरो को हिरासत में लिया। अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज द्वारा पकड़े जाने के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की ग्रे ट्रैकसूट वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। अब उनसे जुड़ा एक और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें अमेरिकी कोर्ट ले जाते हुए दिखाया जा रहा है।
हाथों में लगी थी हथकड़ी
फॉक्स न्यूज की ओर से शेयर किए गए एक वीडियो में निकोलस मादुरो अपनी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के साथ दिखाई देते हैं। दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच एक हेलीकॉप्टर की ओर ले जाया जा रहा है। इस दौरान मादुरो के हाथों में हथकड़ी लगी हुई है और वह चलते समय लंगड़ाते हुए नजर आते हैं। उन्होंने खाकी रंग की जैकेट, बेज रंग की पैंट और नारंगी रंग के जूते पहन रखे हैं। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मादुरो और उनकी पत्नी को एक पहले से खड़ी गाड़ी में बैठाया गया। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क के मैनहैटन इलाके में स्थित फेडरल कोर्टहाउस ले जाया गया।
सामने आया ये वीडियो
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, निकोलस मादुरो को ले जाने वाला काफिला सुबह करीब 7:15 बजे जेल से रवाना हुआ। इसके बाद काफिला पास के एक खेल मैदान की ओर गया। वहां से मादुरो को हेलीकॉप्टर में बैठाकर मैनहैटन हेलीपोर्ट ले जाया गया। इसके बाद उन्हें एक बख्तरबंद गाड़ी में शिफ्ट किया गया, जो उन्हें कोर्टहाउस परिसर तक ले गई। मादुरो को कोर्टहाउस से ले जाते हुए कानून व्यवस्था से जुड़े काफिले का एक वीडियो RT इंडिया ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
कोर्ट में खुद को बताया निर्दोष
निकोलस मादुरो ने न्यूयॉर्क की एक अदालत में खुद को निर्दोष बताया है। ड्रग तस्करी समेत कई गंभीर आरोपों में अमेरिका लाए गए मादुरो ने सोमवार को कोर्ट में कहा, “मैं निर्दोष हूं, मैंने कोई अपराध नहीं किया है।” AFP की रिपोर्ट के अनुसार, मादुरो ने एक फेडरल जज के सामने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह वेनेजुएला गणराज्य के राष्ट्रपति हैं और उन्हें 3 जनवरी, शनिवार से जबरन यहां रखा गया है। मादुरो ने इंटरप्रेटर की मदद से स्पेनिश भाषा में बताया कि उन्हें वेनेजुएला की राजधानी काराकास में उनके घर से “किडनैप” किया गया था। इस मामले में मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोरेस ने भी खुद को निर्दोष बताया। कोर्ट ने मादुरो और सिलिया फ्लोरेस दोनों को जेल में ही रखने का आदेश दिया है। साथ ही, अगली सुनवाई की तारीख 17 मार्च तय की गई है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।