Dubai Skyline: मिडल-ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग का असर दुनिया के सबसे खूबसूरत शहरों में शुमार दुबई पर साफ देखने को मिला है। ईरान द्वारा खाड़ी देशों पर दागे गए सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलों के बाद, दुबई के आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। रॉयटर्स द्वारा जारी की गई 'बिफोर-आफ्टर' सैटेलाइट तस्वीरों ने दुनिया को चौंका दिया है।
चमकते शहर से धुएं के गुबार तक
सैटेलाइट तस्वीरों में दुबई की स्थिति में आया भयानक बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।24 फरवरी की तस्वीर में दुबई की शानदार गगनचुंबी इमारतें, साफ सुथरे हाईवे और कृत्रिम द्वीप बिल्कुल सुरक्षित और चमकते हुए दिख रहे थे। वहीं 1 मार्च की तस्वीरों में शहर के तटीय इलाकों और पोर्ट के पास के लॉजिस्टिक जोन से घना काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि तस्वीरें पूरे शहर की तबाही नहीं, बल्कि विशिष्ट ठिकानों पर लगी भीषण आग की ओर इशारा कर रही हैं।
निशाने पर रहे 'पाम जुमेराह' और 'बुर्ज अल अरब'
ईरानी हमलों के दौरान दुबई का डिफेंस सिस्टम सक्रिय था, लेकिन मिसाइलों के मलबे ने शहर के पॉश इलाकों को नुकसान पहुंचाया है। दुनिया के मशहूर होटल बुर्ज अल अरब और आलीशान पाम जुमेराह द्वीप के पास मलबे गिरने से आग लग गई। स्थानीय निवासियों ने आसमान में मिसाइलों को इंटरसेप्ट होते देखा और जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं।
युद्ध के बढ़ते खतरे को देखते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। मानव संसाधन मंत्रालय ने निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को मंगलवार तक घर से काम करने की सलाह दी है। हमेशा पर्यटकों से गुलजार रहने वाले इस शहर में रविवार को असामान्य सन्नाटा पसरा रहा।
यह पूरा संकट तब शुरू हुआ जब अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरानी नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई। युद्ध में अब तक 3 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं और 5 गंभीर रूप से घायल हैं। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में अब तक 200 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं इजरायल ने साफ कर दिया है कि वह ईरानी नेतृत्व और सैन्य ठिकानों पर अपने हमले 'नॉन-स्टॉप' जारी रखेगा।