अमेरिका के कैलिफोर्निया एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। कैलिफोर्निया के स्टॉकटन शहर में शनिवार शाम एक बड़ी फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है। सैन जोकिन काउंटी शेरिफ ऑफिस के मुताबिक, यह हादसा थॉर्नटन रोड के पास ल्यूसिल एवेन्यू के 1900 ब्लॉक में हुआ।
हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस
शेरिफ ऑफिस ने सोशल मीडिया पर बताया कि उनकी टीम मौके पर मौजूद है और इलाके में जांच जारी है। घायल लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने कहा कि यह अभी भी एक एक्टिव सीन है, इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे इस क्षेत्र से दूर रहें। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी कैसे हुई और इसके पीछे कौन था। अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी जारी नहीं की गई है।
लोकल मीडिया का कहना है कि फायरिंग उस समय हुई जब इलाके में एक बर्थडे पार्टी चल रही थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि पुलिस, एम्बुलेंस और इमरजेंसी टीमें बड़ी संख्या में मौजूद हैं और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रही हैं। स्टॉकटन के वाइस मेयर जेसन ली ने फेसबुक पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद चौंकाने वाली है। उन्होंने लिखा कि एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी में इस तरह की हिंसा होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि “आइसक्रीम की दुकान या कोई भी पारिवारिक जगह ऐसे हादसों के डर की जगह नहीं होनी चाहिए,” और इसे कम्युनिटी के लिए बेहद तकलीफ़देह बताया।