Trump NATO Criticism: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को तेहरान के साथ चल रहे संघर्ष में वाशिंगटन को समर्थन न देने के लिए NATO (North Atlantic Treaty Organization) की आलोचना की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नाटो के सदस्य देश मिडिल ईस्ट में अमेरिका का समर्थन नहीं करते हैं, तो अमेरिका अपने पुराने सुरक्षा समझौतों पर फिर से विचार कर सकता है।
ट्रंप ने कहा कि यूरोपीय नाटो देशों ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध के चौथे हफ्ते में भी अमेरिका को को कोई ठोस मदद नहीं दी, जिससे उन्हें निराशा हुई है।
मियामी में FII प्रायोरिटी समिट में ट्रंप ने कहा, "हम नाटो पर हर साल सैकड़ों अरब डॉलर खर्च करते हैं, उनकी सुरक्षा के लिए, और हम हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं... लेकिन वे साथ नहीं थे।"
उन्होंने आगे कहा, "...लेकिन अब, उनके काम को देखते हुए, मुझे लगता है कि हमें साथ खड़े रहने की जरूरत नहीं है, है ना? अगर वे हमारे साथ नहीं हैं तो हम उनके साथ क्यों खड़े हों?"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित करने के प्रयासों में नाटो सहयोगियों से समर्थन की कमी पर निराशा जताई - यह एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है जो ईरान के साथ चल रहे अमेरिका-इजरायल संघर्ष के कारण बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
ट्रंप ने आगे कहा, “यह तो बड़ी खबर लग रही है, है ना? क्या यह ब्रेकिंग न्यूज है? मुझे लगता है यह सच में ब्रेकिंग न्यूज है। मैं पहले से यही कह रहा हूं-अगर वे हमारे लिए नहीं हैं, तो हम उनके लिए क्यों रहें? वे हमारे साथ नहीं थे।”
28 फरवरी को ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के हमले की शुरुआत के बाद से, ट्रंप ने पश्चिमी सहयोगियों के समर्थन की कमी और होर्मुज को फिर से खोलने में मदद के लिए सेना तैनात करने से इनकार करने पर बार-बार निराशा व्यक्त की है। बता दें कि होर्मुज खाड़ी के तेल और गैस निर्यात के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है जो ईरान के खतरे में है।
हालांकि ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और जापान सहित प्रमुख शक्तियों ने 'उचित प्रयासों' में योगदान देने की इच्छा व्यक्त की है, लेकिन किसी ने भी अपनी सेना भेजने का वादा नहीं किया है।
पिछले हफ्ते, ट्रंप ने नाटो सदस्यों को “कायर” करार दिया और कहा कि अमेरिका के बिना यह गठबंधन “कागजी शेर” बनकर रह जाएगा।