पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल के भीतर 'डेथ सेल' में मानसिक यातनाएं दी जा रही हैं। उनके बेटों ने यह दावा किया और चिंता जताई कि शायद वे अपने पिता को फिर कभी नहीं देख पाएंगे। इमरान खान भ्रष्टाचार के आरोपों में अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। कासिम और सुलेमान खान के हवाले से बताया, "वह दो साल से ज्यादा समय से एकांत कारावास में है। जेल की स्थितियां बेहद दयनीय हैं। उन्हें पूरी तरह से अलग-थलग कर के रखा गया और किसी भी मिलने नहीं दिया जाता। अब हमें चिंता है कि शायद हम उन्हें फिर कभी न देख पाएं।"
Sky News से बात करते हुए इमरान खान के दोनों बेटों ने कहा कि उनके पिता से उनका महीनों से कोई संपर्क नहीं हुआ है। उनका दावा है कि हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं।
जेल में बीमार कैदियों के बीच इमरान खान!
उन्होंने बताया "उन्हें गंदा पानी दिया जा रहा है, वह ऐसे कैदियों के बीच हैं, जो हेपेटाइटिस से मर रहे हैं। इस समय स्थिति से बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है। हम उम्मीद बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अभी हालात और भी बदतर होते जा रहे हैं।"
लड़कों ने आगे कहा, "इससे बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा... हमें अब चिंता सता रही है कि शायद हम उन्हें फिर कभी न देख पाएं।"
इमरान खान के छोटे बेटे कासिम के अनुसार, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक को "मनोवैज्ञानिक यातना" दी जा रही है, क्योंकि जेल गार्डों को भी उनसे बात करने की अनुमति नहीं है। बड़े बेटे ने दावा किया कि उनके पिता कथित तौर पर दिन में 23 घंटे एक ऐसी कोठरी में बिताते हैं, जिसे उन्होंने "मौत की कोठरी" यानी 'डेथ सेल' बताया है।
कौन हैं इमरान के दोनों बेटे?
जेल जाने से पहले इमरान खान पर पहले भी तीन बार गोली चलाई जा चुकी है। सुलेमान ने सेना के प्रवक्ता की ओर से हाल ही में जारी एक घोषणा का हवाला देते हुए कहा कि अब आधिकारिक तौर पर जेल में उन्हें सबसे अलग कर के रखा गया है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता को बेहद ही खराब परिस्थितियों में रखा जा रहा है, जो किसी भी कैदी के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप नहीं हैं।
सुलेमान और कासिम, इमरान खान की पहली बीवी के बेटे हैं। उनकी पहली पत्नी अंग्रेजी टीवी सेलिब्रिटी जेमिमा गोल्डस्मिथ थीं।
जेल में इमरान से मिली थीं उनकी बहन
इस महीने की शुरुआत में, इमरान खान की बहन अलीमा ने भी आरोप लगाया था कि पूर्व प्रधानमंत्री को एकांत कारावास में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा, “हम पिछले आठ महीनों से यहां आ रहे हैं। हमें इमरान खान से मिलने नहीं दिया जाता। वे उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्हें अवैध रूप से एकांत में रखा गया है। उन्हें इमरान खान के खिलाफ यह अत्याचार बंद करना चाहिए।”
इमरान की दूसरी बहन, उजमा खानम को 2 दिसंबर को अपने भाई से मिलने की अनुमति दी गई। वो भी तब जब परिवार और उनके समर्थकों ने जेल के बाहर प्रदर्शन किया और सड़कों पर उतरे। उनका दावा था कि पिछले एक महीने से इमरान खान से किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा और किसी को नहीं पता कि वे कहां हैं, किस हालत में हैं।
करीब आधा घंटे के मुलाकात के बाद, खानम ने कहा कि इमरान खान शारीरिक रूप से स्वस्थ लग रहे थे, लेकिन मानसिक रूप से बहुत तनाव में थे। उन्होंने बताया कि उनके भाई ने इस 'फिजिकल टॉर्चर' के लिए पाकिस्तान के सेना प्रमुख, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दोषी ठहराया।