Donald Trump: 'मैं खुश नहीं हूं, देखते हैं क्या होता है', मोजतबा खामेनेई के ईरान का 'सुप्रीम लीडर' बनने पर बोले ट्रंप

Trump On Mojtaba Khamenei: ट्रंप ने कहा, 'ईरान द्वारा मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता चुने जाने के फैसले से मैं बिल्कुल खुश नहीं हूं। एक इंटरव्यू में उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि ईरान के किसी भी नए नेता का भविष्य अमेरिकी मान्यता पर निर्भर करेगा

अपडेटेड Mar 09, 2026 पर 1:40 PM
Story continues below Advertisement
ईरान की शक्तिशाली 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' ने सोमवार को मुजतबा खामेनेई के नाम पर मुहर लगाई

Trump On Mojtaba: ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को हाल ही में नया 'सुप्रीम लीडर' नियुक्त किया गया। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस नियुक्ति के तुरंत बाद ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह ईरान के इस फैसले से 'खुश नहीं' हैं।

'हमारी मंजूरी के बिना टिकना मुश्किल'

फॉक्स न्यूज के एंकर ब्रायन किलमीड से बात करते हुए ट्रंप ने अपनी नाराजगी जाहिर की। ट्रंप ने कहा, 'ईरान द्वारा मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता चुने जाने के फैसले से मैं बिल्कुल खुश नहीं हूं।' इससे पहले एबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि ईरान के किसी भी नए नेता का भविष्य अमेरिकी मान्यता पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा था, 'अगर उसे हमसे मंजूरी नहीं मिलती, तो वह ज्यादा समय तक टिकने वाला नहीं है।' ट्रंप इससे पहले मोजतबा को एक 'हल्का' और 'अस्वीकार्य' उम्मीदवार बता चुके हैं।


ईरान में मोजतबा की ताजपोशी पर छिड़ा 'पावर वॉर', अली लारीजानी बने सबसे बड़ी चुनौती, क्या कमजोर पड़ेगी सत्ता की पकड़?

कैसे हुई मोजतबा की नियुक्ति?

ईरान की शक्तिशाली 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' ने सोमवार को मोजतबा खामेनेई के नाम पर मुहर लगाई। 56 वर्षीय मोजतबा अब इस्लामिक रिपब्लिक के तीसरे सुप्रीम लीडर बन गए हैं। धार्मिक संस्था ने पुष्टि की कि मुजतबा को प्रतिनिधियों के 'निर्णायक वोट' के आधार पर चुना और पेश किया गया है।

'देखते हैं क्या होता है'

दिलचस्प बात यह है कि आधिकारिक घोषणा से कुछ समय पहले ट्रंप का लहजा थोड़ा संतुलित नजर आ रहा था। 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' से बात करते हुए उन्होंने मोजतबा के मूल्यांकन पर सीधे कमेंट करने से इनकार कर दिया और सिर्फ इतना कहा, 'देखते हैं क्या होता है।' हालांकि, ट्रंप ने पहले यह इच्छा जताई थी कि ईरान के नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया में अमेरिका की भी भूमिका होनी चाहिए।

क्षेत्र में युद्ध और बढ़ता तनाव

मोजतबा की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब मिडिल ईस्ट भीषण युद्ध की आग में जल रहा है। ईरान ने मोजतबा की कमान संभालते ही इजरायल और अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतें $100 प्रति बैरल के पार चली गई हैं, जिसे ट्रंप ने ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने के लिए एक 'छोटी कीमत' बताया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।