VIDEO: भारतीय महिला पर अमेरिकी स्टोर से लाखों का सामान चोरी करने का आरोप! पुलिस के सामने गिड़गिड़ाती दिखी आरोपी, यूजर्स भड़के

Indian woman arrested in US: अमेरिका घूमने आई एक भारतीय महिला को एक टारगेट स्टोर से कथित तौर पर 1,300 डॉलर (लगभग 1.1 लाख रुपये) का सामान चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। भारतीय यूजर्स महिला की हरकतों से काफी नाराज हैं

अपडेटेड Jul 16, 2025 पर 2:36 PM
Story continues below Advertisement
Indian woman arrested in US: पुलिस का दावा है कि महिला ने रिटेल स्टोर से लगभग 1,300 डॉलर का सामान चुराने की कोशिश की

Indian woman arrested in US: अमेरिका घूमने गई एक भारतीय महिला पर इलिनॉय के एक टारगेट स्टोर से कथित तौर पर 1,300 डॉलर (1,11,617 रुपये) का सामान चोरी करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला की पहचान अनाया अवलानी के तौर पर हुई है। उसने स्टोर के अंदर लगभग 7 घंटे बिताए। सामान चोरी करने के बाद वह स्टोर में भटकती रही। काफी देर तक वह अपने फोन से चिपकी रही। फिर कथित तौर पर हजारों डॉलर का सामान लेकर स्टोर से बाहर निकलने की कोशिश की। इसी दौरान वह पकड़ी गई। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। भारतीय यूजर्स महिला की करतूत को शर्मनाक करार देते हुए सोशल मीडिया पर उसकी तीखी आलोचना कर रहे हैं।

वायरल वीडियो में अमेरिकी पुलिस अधिकारियों से महिला सामान के लिए भुगतान करने और गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजारिश करती दिख रही है। रिपोर्टों के अनुसार, उसके अनुरोध के बावजूद चोरी के सामान की ऊंची कीमत के कारण उस पर गंभीर खुदरा चोरी का आरोप लगाया गया। इलिनॉय कानून के तहत, 300 डॉलर से ज्यादा के सामान की चोरी को गंभीर अपराध माना जाता है।

पुलिस का दावा है कि महिला ने रिटेल स्टोर से लगभग 1,300 डॉलर का सामान चुराने की कोशिश की। ऑनलाइन सामने आए एक वीडियो में टारगेट की एक कर्मचारी ने उस पर स्टोर में घंटों बिताने और बिना भुगतान किए सामान से भरी एक ट्रॉली लेकर भागने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

वायरल क्लिप में कर्मचारी को यह कहते हुए सुना गया, "हमने इस महिला को पिछले सात घंटों से स्टोर में घूमते देखा। वह सामान उठा रही थी। अपना फोन चेक कर रही थी। गलियारों में घूम रही थी, और आखिरकार बिना भुगतान किए पश्चिमी गेट से बाहर निकलने की कोशिश की।"

महिला ने लगाई गुहार

बाद में महिला ने सामान के पैसे देने की पेशकश की। महिला ने कहा, "अगर ऐसा है तो आपको परेशान करने के लिए मुझे बहुत खेद है। मैं इस देश की नहीं हूं। मैं यहां नहीं रहूंगी।" उससे पूछताछ कर रही महिला पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया, "क्या भारत में चीजें चुराने की इजाजत है? यहां तो नहीं है।" फिर पुलिस ने उसे हथकड़ी लगाई और कागजी कार्रवाई के लिए थाने ले गई। वीडियो को ऑनलाइन पोस्ट करने वाले यूट्यूब चैनल के अनुसार, यह घटना 1 मई, 2025 को हुई थी।


ये भी पढ़ें- Mumbai Crime News: सौतेले पिता ने की 5 साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या! समुद्र में फेंका शव, पापा कहने पर ली जान

यूजर्स भड़के

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक भारतीय यूजर ने लिखा, "एक अप्रवासी होने के नाते मैं इस देश में मेहमान बनकर इसके कानून तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता।" एक अन्य ने टिप्पणी की, "कोई सांस्कृतिक या भाषाई बाधा नहीं है। वह अच्छी तरह जानती है कि वह क्या कर रही है।" एक तीसरे ने लिखा, "वैश्विक मंच पर भारत को शर्मिंदा करना! वह गलत कारणों से सुर्खियों में आ गई। विदेश में देश को शर्मिंदा मत करो।" हाल ही में टेक्सास में चोरी के आरोपी एक भारतीय छात्र से जुड़े एक और मामले ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।