ईरान ने मिडिल ईस्ट में मचाया कोहराम, बहरीन में अमेरिकी एयरबेस पर दागे ड्रोन और मिसाइलें

Iran Attack Bahrain: 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद से ईरान बेहद आक्रामक हो गया है। ईरान अब उन सभी देशों को निशाना बना रहा है जहां अमेरिकी सेना मौजूद है। बहरीन के अलावा कतर, कुवैत और यूएई में मौजूद अमेरिकी बेस भी ईरान की मिसाइलों की जद में हैं

अपडेटेड Mar 03, 2026 पर 11:33 AM
Story continues below Advertisement
ईरानी नौसेना और वायुसेना ने मिलकर बहरीन के 'शेख ईसा' इलाके में स्थित अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया

Iran Attack Bahrain: ईरान और अमेरिका के बीच जारी भीषण सैन्य टकराव अब बहरीन तक पहुंच गया है। मंगलवार सुबह ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया कि उसने बहरीन में स्थित एक प्रमुख अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर बड़ा हमला किया है। ईरानी समाचार एजेंसी इर्ना (IRNA) के अनुसार, यह हमला आज सुबह तड़के किया गया।

शेख ईसा एयरबेस पर बड़ा हमला

ईरानी नौसेना और वायुसेना ने मिलकर बहरीन के 'शेख ईसा' (Sheikh Isa) इलाके में स्थित अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया। IRGC के बयान के मुताबिक, इस ऑपरेशन में 20 आत्मघाती ड्रोन और 3 शक्तिशाली मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया।ईरान का दावा है कि उनके इस हमले ने एयरबेस के मुख्य 'कमांड एंड कंट्रोल' मुख्यालय को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। हालांकि, अभी तक स्वतंत्र रूप से इस भारी नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।


अमेरिका का 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' जारी

यह हमला उस समय हुआ है जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) लगातार ईरान के सैन्य ढांचे को निशाना बना रहा है। अमेरिकी सेना ने हाल ही में IRGC के कई कमांड सेंटर्स, एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइल लॉन्च साइट्स को मलबे में तब्दील कर दिया है। अमेरिका का कहना है कि वे ईरान की हमला करने की क्षमता को खत्म करने के लिए उसके सैन्य हवाई अड्डों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक' कर रहे हैं।

बदले की आग में जलता मिडिल ईस्ट

28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद से ईरान बेहद आक्रामक हो गया है। ईरान अब उन सभी देशों को निशाना बना रहा है जहां अमेरिकी सेना मौजूद है। बहरीन के अलावा कतर, कुवैत और यूएई में मौजूद अमेरिकी बेस भी ईरान की मिसाइलों की जद में हैं। इस ताजा हमले के बाद बहरीन और उसके पड़ोसी देशों में सुरक्षा व्यवस्था को 'अल्ट्रा-हाई अलर्ट' पर रख दिया गया है।

ईरान के इस दावे के बाद अब सबकी नजरें पेंटागन पर टिकी हैं। अगर बहरीन के बेस पर वाकई इतना बड़ा नुकसान हुआ है, तो अमेरिका की ओर से जवाबी कार्रवाई और भी भयानक हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।