Iran F-18 Jet Claim: ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी और इजरायली सेनाओं के साथ बढ़ते युद्ध के बीच एक अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को "सफलतापूर्वक निशाना बनाया" है। तेहरान ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें एक फाइटर जेट हवा में बैलिस्टिक मिसाइल से टकराने के बाद नीचे गिरता हुआ नजर आ रहा है।
ईरान के प्रेस टीवी ने इस वीडियो को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल X पर पोस्ट किया और लिखा, "ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कोर (IRGC) ने घोषणा की है कि उसने एक अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है।" हालांकि, पोस्ट में हमले के स्थान, नुकसान की मात्रा या पायलट की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
फुटेज में विमान को उड़ान भरते हुए दिखाया गया है, तभी हवा में उस पर तेज रोशनी जैसी चीज टकराती है। कुछ ही क्षणों बाद, जेट अस्थिर होता हुआ प्रतीत होता है और उसके पीछे धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाई देता है, जिससे पता चलता है कि उसने कंट्रोल खो दिया है।
ईरान के इस दावे को बाद में अमेरिकी सेना ने खारिज कर दिया और कहा कि ईरान ने कोई फाइटर जेट नहीं गिराया है।
अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने X (ट्विटर) पर लिखा:
“गलत: इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उसने चाबहार के ऊपर एक अमेरिकी F/A-18 फाइटर जेट को मार गिराया।
सच: ईरान ने किसी भी अमेरिकी फाइटर जेट को नहीं गिराया है।”
ईरानी दावे और अमेरिकी फैक्ट-चेक
यह पहली बार नहीं है जब CENTCOM ने अमेरिकी जेट विमानों को मार गिराने के ईरानी दावों को खारिज किया है। पिछले हफ्ते, ईरानी मीडिया ने दो बार दावा किया कि IRGC ने अमेरिकी F-15 जेट विमानों को मार गिराया है। लेकिन CENTCOM ने इन दावों की जांच की और कहा, "ऑपरेशन ‘Epic Fury’ के दौरान अमेरिकी सेना ने 8,000 से अधिक लड़ाकू विमान भरी हैं। ईरान द्वारा किसी भी अमेरिकी लड़ाकू विमान को नहीं मार गिराया गया है।"
ईरान ने एक अमेरिकी F-35 स्टील्थ फाइटर जेट को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी भी ली है, जिसने ईरानी हवाई क्षेत्र में एक मिशन के दौरान संदिग्ध गोलीबारी का सामना करने के बाद मिडिल ईस्ट में एक अमेरिकी अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की थी। अमेरिकी अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पायलट समय पर सुरक्षित निकल गया था और जांच जारी है। हालांकि, अमेरिकियों ने अपने सभी बयानों में इसे निश्चित रूप से दुश्मन की कार्रवाई से नहीं जोड़ा।
ऑपरेशन ‘Epic Fury’, जो कि अमेरिका के नेतृत्व में 28 फरवरी को इजरायल के प्रयासों के साथ शुरू किया गया था, का उद्देश्य ईरान की मिसाइल क्षमताओं, नौसेना, उसके सहयोगी नेटवर्क (प्रॉक्सी) और परमाणु संबंधी बुनियादी ढांचे को कमजोर करना है। युद्ध शुरू होने के लगभग एक महीने बाद, अमेरिका की डोनाल्ड ट्रम्प सराकर ने युद्धविराम का आह्वान किया, जिसे तेहरान ने अस्वीकार कर दिया।
व्हाइट हाउस ने बुधवार को कहा कि ईरान के इनकार के बावजूद बातचीत अभी भी जारी है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ, तो राष्ट्रपति ट्रंप “भयंकर कार्रवाई” करने के लिए तैयार हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने भी इस बात से इनकार किया कि ईरान के साथ बातचीत गतिरोध पर पहुंच गई है।
ईरानी रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर लेविट ने एक ब्रीफिंग में कहा, "बातचीत जारी है। यह सकारात्मक दिशा में चल रही है।"