Iran Strike In Dubai: प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए UAE जाना पड़ा भारी, यूपी का दिग्गज कारोबारी परिवार दुबई में फंसा

Iran Strike In Dubai: उत्तर प्रदेश के दिग्गज कोयला व्यापारी अजय जैन ने बताया कि उनके बड़े बेटे प्रिंस जैन की अप्रैल में शादी होने वाली है। शादी से पहले वह प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए अपनी मंगेतर पायल जैन के साथ दुबई गया था। उन्होंने बताया कि उनके साथ प्रिंस का छोटा भाई, पायल का भाई और उनकी पत्नी मुस्कान भी हैं

अपडेटेड Mar 03, 2026 पर 3:13 PM
Story continues below Advertisement
Iran Strike In Dubai: एयर ट्रैफिक बंद होने की वजह से कारोबारी परिवार की भारत वापसी नहीं हो पाई है

Iran Strike In Dubai: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ान सेवाएं बाधित होने के चलते प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए दुबई गए उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के दूल्हा और दुल्हन समेत दो परिवारों के पांच लोग वहीं फंस गए हैं। कोयला व्यापारी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के निवासी अजय जैन ने बताया कि उनके बड़े बेटे प्रिंस जैन (27) की अप्रैल में शादी होने वाली है। वह प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए अपनी मंगेतर पायल जैन (26) के साथ दुबई गया था। उन्होंने बताया कि उनके साथ प्रिंस का छोटा भाई अरिहंत (19), पायल का भाई मोनू जैन (30) और उनकी पत्नी मुस्कान (28) भी हैं।

अजय जैन ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि वे सभी 25 फरवरी को वाराणसी से दिल्ली के लिए निकले और 27 फरवरी को दुबई पहुंचे। जबकि उनका दो मार्च को लौटने का कार्यक्रम था। जैन ने कहा, "वे बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हैं। हालांकि, ईरान से जुड़े संघर्ष और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई। वे योजना के अनुसार वापस नहीं लौट सके।"

जैन ने कहा कि फंसे हुए परिवार के सदस्यों ने दुबई में भारतीय दूतावास से संपर्क किया। इस दौरान उन्हें संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई। लेकिन उनकी वापसी पर उन्हें स्पष्टता नहीं मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में हस्तक्षेप करने और उनके बच्चों और रिश्तेदारों की जल्द से जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।


महाराष्ट्र के 164 लोग फंसे

इस बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अमेरिका-इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंसे राज्य के 164 नागरिकों को वापस लाने के लिए दो विमानों की व्यवस्था की है। महाराष्ट्र सरकार ने भी पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के सैकड़ों लोगों के लिए एक आपातकालीन व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू की है।

शिंदे के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि फुजैरा एयरपोर्ट से दो उड़ानें 3:30 बजे और शाम 4:30 बजे रवाना होंगी। इनके शाम को मुंबई में उतरने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि 164 यात्रियों में पुणे स्थित 'इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज' के 84 छात्र और ठाणे, अहिल्यानगर और पुणे के निवासी शामिल थे।

पश्चिम एशियाई संघर्ष के शनिवार को शुरू होने के बाद से उपमुख्यमंत्री फंसे हुए लोगों के संपर्क में हैं। अधिकारियों के अनुसार, ईरान युद्ध के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने से महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग पश्चिम एशिया में फंस गए हैं। हालांकि सभी सुरक्षित हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर भारी और सटीक बमबारी पूरे सप्ताह या जब तक आवश्यक हो, तब तक जारी रहेगी। स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया में कई हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया गया। इससे उड़ानों में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ है। दुनियाभर के लाखों यात्री UAE में फंसे हुए हैं।

ये भी पढे़ं- Israel-US Vs Iran War: अमेरिकी हमलों के बाद ईरान के साथ खुलकर आया चीन, इजरायल से की मिलिट्री ऑपरेशन तुरंत रोकने की अपील

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।