Khamenei Video: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर! अचानक सामने आया वीडियो, बीमारी की खबरों के बीच मचा हड़कंप
Mojtaba Khamenei Video: इजरायली मीडिया में आई कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की हालत गंभीर है। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी ने बिना तारीख बताए एक वीडियो जारी किया है जिसमें वे स्वस्थ दिख रहे हैं
Mojtaba Khamenei Video: ईरान ने अपने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक वीडियो जारी किया है
Mojtaba Khamenei Video: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के हेल्थ को लेकर चल रही तमाम अटकलों के बीच ईरान से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने कई सवालों को जन्म दे दिया है। इजरायली मीडिया में खामेनेई की हालत बेहद गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबरों के कुछ दिनों बाद ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी Mehr ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें दावा किया गया है कि वीडियो में मोजतबा खामेनेई स्वस्थ नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की तारीख स्पष्ट नहीं है।
इस वीडियो में खामेनेई को पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाए जाने का दावा किया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि ईरान ने यह वीडियो उनकी सेहत और ठिकाने को लेकर बढ़ती अटकलों का जवाब देने के लिए जारी किया है।
इजरायली मीडिया ने क्या दावा किया था?
शुक्रवार को इजरायली मीडिया की कई रिपोर्टों में दावा किया गया था कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है। इजरायली 'चैनल 14' ने ईरान के अंदर मौजूद सूत्रों के हवाले से उनकी तबीयत को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। वहीं 'द जेरूसलम पोस्ट' ने ईरानवायर और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान के शीर्ष नेतृत्व में खामेनेई की सेहत को लेकर चिंता बढ़ रही है। The Jerusalem Post से बातचीत में एक सूत्र ने दावा किया था कि जल्द ही मोजतबा खामेनेई की मौत की खबर सामने आने पर भी किसी को आश्चर्य नहीं होगा।
पिता की मौत के बाद संभाली थी सर्वोच्च सत्ता
मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के जॉइंट सैन्य हमलों में अली खामेनेई की मौत हुई थी।
इसके बाद मोजतबा खामेनेई को देश की सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक सत्ता संभालने वाला नेता बनाया गया। लेकिन पद संभालने के बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। उनकी ओर से अब तक मुख्य रूप से लिखित बयानों के जरिए ही संदेश सामने आते रहे हैं।
क्या सैन्य हमले में घायल हुए थे मोजतबा?
मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर सबसे ज्यादा सवाल उनकी सार्वजनिक गैरमौजूदगी के कारण उठे हैं। इजरायली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि जिस सैन्य हमले में उनके पिता की मौत हुई, उसी दौरान मोजतबा भी घायल हुए थे।
कुछ रिपोर्टों में यह तक कहा गया कि उन्हें ऐसी चोटें आई थीं। इनसे उनके चेहरे या शरीर पर गंभीर असर पड़ा हो सकता है। इन दावों के मुताबिक, संभावित निशाना बनाए जाने के खतरे के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने आने से बचाया गया।
यह भी दावा किया गया कि उन्होंने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क बनाए रखने के लिए बिचौलियों के जरिए एक बेहद धीमे और सुरक्षित संचार नेटवर्क का इस्तेमाल किया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने भी मानी थी मुश्किल
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी एक सरकारी टीवी इंटरव्यू में मोजतबा खामेनेई के साथ सीधे संपर्क को लेकर कहा था कि वर्तमान परिस्थितियों में सुप्रीम लीडर के साथ प्रत्यक्ष बातचीत करना बहुत मुश्किल है। इस बयान ने उनकी हेल्थ और वास्तविक ठिकाने को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा दी थी।
क्या मोजतबा ईरान में भी नहीं हैं?
जुलाई में सऊदी के एक अखबार ने एक इजरायली सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया था कि मोजतबा खामेनेई ईरान में नहीं हैं। इसी दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी 'फॉक्स न्यूज' को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया है। ट्रंप ने यह भी कहा था कि मोजतबा खामेनेई 90 फीसदी खत्महो चुके हैं। वह ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद काम करने की स्थिति में नहीं हैं। इन दावों पर ईरान की ओर से लगातार अलग-अलग तस्वीरें और वीडियो जारी की गई है।
ईरान ने पहले भी चोटों को बताया था मामूली
ईरानी अधिकारियों ने पहले मोजतबा खामेनेई की चोटों की गंभीरता से जुड़े दावों को खारिज किया था। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय से जुड़े प्रतिनिधियों ने कथित चोटों को सतही बताया था। ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना रहा है कि मोजतबा खामेनेई देश की रणनीतिक दिशा और सैन्य-राजनीतिक फैसलों पर नजर बनाए हुए हैं और उन्हें जरूरी निर्देश भी दे रहे हैं। लेकिन समस्या यह है कि उनकी ओर से अब तक कोई लाइव सार्वजनिक संबोधन या सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रत्यक्ष उपस्थिति सामने नहीं आई है।
अब वीडियो ने फिर बढ़ाई टेंशन
इसी बीच मेहर न्यूज द्वारा जारी किया गया नया वीडियो बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एजेंसी ने इसे पहली बार प्रकाशित करते हुए ऐसा दृश्य सामने रखा है, जिसमें मोजतबा खामेनेई स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं। लेकिन वीडियो कब का है, इसकी तारीख नहीं बताई गई है। यही वजह है कि उनकी मौजूदा हेल्थ अपडेट को लेकर पूरी तरह तस्वीर साफ नहीं हुई है।
एक तरफ ईरान की सरकारी व्यवस्था से जुड़े माध्यम वीडियो के जरिए यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि सुप्रीम लीडर सक्रिय और स्वस्थ हैं। तो दूसरी तरफ इजरायली, पश्चिमी और विपक्षी खुफिया सूत्र लगातार उनकी गंभीर चोटों और लंबे समय से सार्वजनिक रूप से गायब रहने के दावे कर रहे हैं।
आखिर सच्चाई क्या है?
फिलहाल, मोजतबा खामेनेई की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विरोधाभासी दावे सामने आ रहे हैं। ईरान की ओर से जारी वीडियो उनके स्वस्थ होने का संकेत देने की कोशिश करता है। लेकिन वीडियो की तारीख स्पष्ट नहीं होने के कारण इससे उनकी मौजूदा स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं होती।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मोजतबा खामेनेई वास्तव में गंभीर रूप से बीमार हैं, या ईरान के खिलाफ चल रही सूचना की जंग के बीच उनकी सेहत को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं? उनकी लंबे समय से सार्वजनिक गैरमौजूदगी ने इस सवाल को और गंभीर बना दिया है। यह वीडियो कहां और कब का है अभी भी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
Iran releases new video of Supreme Leader Mojtaba Khamenei amid reports of critical health pic.twitter.com/T5TGoX8EJn