Iran-Israel News: ईरान अब परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा, न्यूक्लियर साइट पर हमले के बाद जेडी वेंस का दावा

US Attacks Iran: ईरानी परमाणु कार्यक्रमों को रोकने के लिए इजरायल के हमलों में उसका साथ देते हुए अमेरिका की सेना ने 22 जून को तड़के ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर हमले किए। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों की जानकारी देते हुए कहा कि ईरान के परमाणु केंद्र पूरी तरह से नष्ट कर दिए गए हैं। इसी हमले के बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने नया दावा किया है

अपडेटेड Jun 24, 2025 पर 12:18 PM
America Strikes In Iran: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने दावा किया है कि ईरान अब परमाणु हथियार बनाने में असमर्थ है

Iran-Israel-US War Latest News: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मंगलवार (24 जून) को कहा कि ईरान अब कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा। एक इंटरव्यू में जेडी वेंस ने दावा किया है कि ईरान इसलिए अब परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा, क्योंकि अमेरिकी हमलों ने उसके इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। बता दें कि ईरानी परमाणु कार्यक्रमों को रोकने के लिए इजरायल के हमलों में उसका साथ देते हुए अमेरिका की सेना ने रविवार (22 जून) तड़के ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर हमले किए। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलों की जानकारी देते हुए कहा कि ईरान के परमाणु केंद्र पूरी तरह से नष्ट कर दिए गए हैं।

'फॉक्स न्यूज' को दिए एक इंटरव्यू में जेडी वेंस ने कहा, "ईरान परमाणु हथियार बनाने के बहुत करीब पहुंच गया था। लेकिन अब ईरान अपने पास मौजूद उपकरणों से परमाणु हथियार बनाने में असमर्थ है क्योंकि हमने उसे नष्ट कर दिया है।" वेंस का बयान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर कराने की घोषणा के बाद आया है। वेंस ने कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करने के लिए काम करता रहेगा कि ईरान भविष्य में अपनी परमाणु क्षमता का पुनर्निर्माण करने की कोशिश न करे।

अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, नतांज और एस्फाहान पर हमला कर तबाह करने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह कहा कि अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमले किए हैं। इनमें फोर्डो, नतांज और इस्फहान शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सभी विमान अब ईरान के हवाई क्षेत्र से बाहर हैं। प्रमुख स्थल फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया। ईरान की परमाणु एजेंसी ने भी पुष्टि की है कि उसके फोर्डो, इस्फहान और नतांज परमाणु केंद्रों पर हमले हुए हैं।


ईरान के सरकारी टेलीविजन ने मंगलवार को अपनी खबर में कहा कि इजरायल के साथ संघर्ष विराम शुरू हो गया है। वहीं, इजराइल ने अपने नागरिकों को ईरान की ओर से नए मिसाइल हमले की चेतावनी दी है। दोनों देशों के बीच पिछले 11 दिन से हमले जारी हैं। फिलहाल संघर्ष विराम के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ईरान के सरकारी टेलीविजन ने अपनी स्क्रीन पर एक 'ग्राफिक' के माध्यम से संघर्ष विराम की घोषणा की। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को इजरायल के साथ संघर्ष विराम के लिए जो डेडलाइन दी थी वह मंगलवार तड़के समाप्त हो गई। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल-ईरान के बीच युद्धविराम पर सहमति बन गई है।

ये भी पढ़ें- Israel Iran War News: ये कैसा सीजफायर है? ईरान ने इजरायल पर फिर की बैलिस्टिक मिसाइल की बौछार, 4 लोगों की मौत

ट्रंप ने घोषणा की है कि इजरायल और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है। उन्होंने दावा किया कि दोनों ही देश मध्यपूर्व में शांति बहाल करने को तैयार हो गए हैं। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच 12 दिन से चल रहा युद्ध रुक गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर किए गए पोस्ट में कहा कि इजरायल और ईरान में इस बात पर पूरी तरह से सहमति बन गई है कि पूर्ण और संपूर्ण सीजफायर होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।