Iranian Drone Strike: मिडिल ईस्ट में जारी महायुद्ध की तपिश दुनिया के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले शहरों में से एक, दुबई तक पहुंच गई है। शनिवार को शहर पॉश इलाके 'दुबई मरीना' स्थित 23 मरीना टावर पर एक ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। यह घटना 28 फरवरी को ईरान पर हुए अमेरिकी-इजरायली हमलों के जवाब में तेहरान द्वारा किए जा रहे 'पलटवार' का हिस्सा मानी जा रही है।
90 मंजिला लग्जरी टावर में लगी आग
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दुबई के मशहूर दुबई मरीना, जो अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और अमीरों का पसंदीदा इलाका है के रिहायशी टावर से काले धुएं का भारी गुबार निकलते देखा गया। यह करीब 90 मंजिला ऊंची इमारत है, जिसमें बड़ी संख्या में विदेशी पेशेवर और कारोबारी रहते हैं। आग लगते ही इमारत के एक हिस्से को एहतियातन खाली करा लिया गया और दमकल की गाड़ियों ने कुछ ही घंटों में स्थिति पर काबू पा लिया।
'मलबे से लगी आग'- UAE डिफेंस का दावा
दुबई मीडिया ऑफिस ने स्पष्ट किया है कि यह इमारत सीधे हमले का निशाना नहीं थी। UAE के एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से आ रहे ड्रोन और मिसाइल खतरों को हवा में ही मार गिराया। इंटरसेप्शन के दौरान ड्रोन का मलबा टावर के बाहरी हिस्से पर गिरा, जिससे मामूली आग लग गई। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
पूरे खाड़ी क्षेत्र में 'मिसाइल और ड्रोन' की बारिश
दुबई के अलावा खाड़ी के कई अन्य देशों में भी धमाके सुने गए हैं। सऊदी अरब, बहरीन और अजरबैजान जैसे देशों में भी ईरानी हमलों की खबरें हैं। सुरक्षा कारणों से एमिरेट्स एयरलाइन ने शनिवार को दुबई से अपनी कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया।
'तब जारी रहेंगे हमले', ईरान ने पड़ोसी देशों को चेताया
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पड़ोसी देशों को शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि वे उन्हें निशाना नहीं बनाएंगे, बशर्ते उनकी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ न हो। ईरानी सेना ने साफ किया है कि अगर उन्हें लगा कि पड़ोसी देशों के बेस उनके खिलाफ इस्तेमाल हो रहे हैं, तो हमले जारी रहेंगे। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस बयान को उसकी 'कमजोरी' करार दिया है।
UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने घायलों से मुलाकात के दौरान ईरान को बेहद कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'UAE आकर्षक जरूर है, लेकिन इसके दिखावे से गुमराह न हों। UAE की चमड़ी बहुत मोटी और मांस कड़वा है, हम कोई आसान शिकार नहीं हैं।'