Khaleda Zia Health Update: बांग्लादेश की राजनीति और जिया परिवार के लिए यह समय बेहद मुश्किल है। पूर्व प्रधानमंत्री और BNP प्रमुख बेगम खालिदा जिया की तबीयत अचानक बिगड़ने से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में हलचल बढ़ गई। शनिवार देर रात मेडिकल बोर्ड ने आनन-फानन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनकी हालत को 'अत्यंत गंभीर' बताया। 17 साल का निर्वासन खत्म कर लौटे उनके बेटे तारिक रहमान अपनी मां की गंभीर स्थिति देख शनिवार रात दोबारा अस्पताल पहुंचे और कई घंटों तक वहां रहे।
'सुधार कहना जल्दबाजी, स्थिति बहुत गंभीर'
शनिवार रात करीब 12:30 बजे बिना किसी पूर्व सूचना के मेडिकल बोर्ड के सदस्य डॉ. ए.जेड.एम. जाहिद हुसैन ने मीडिया को खालिदा जिया के हेल्थ को लेकर जानकारी दी। डॉ. जाहिद ने कहा, 'यह नहीं कहा जा सकता कि खालिदा जिया की हालत में सुधार हुआ है। वह एक बहुत ही जटिल और संकटमय दौर से गुजर रही हैं।' 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती होने के बाद से उनकी सेहत लगातार गिरती गई। पहले उन्हें केबिन से CCU और फिर स्थिति बिगड़ने पर ICU में शिफ्ट करना पड़ा। खालिदा जिया के इलाज में देश-विदेश के विशेषज्ञों की टीम लगी हुई है। उनकी बहू डॉ. जुबैदा रहमान भी इलाज की प्रक्रिया में लगातार जुड़ी हुई हैं।
मां की सिराहने बैठे तारिक रहमान
गुरुवार को लंदन से ढाका लौटे तारिक रहमान के लिए यह वापसी खुशियों से ज्यादा चिंताओं भरी साबित हो रही है। शनिवार को दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद तारिक रहमान देर रात सीधे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां करीब दो घंटे से ज्यादा समय बिताया और डॉक्टरों से मां की सेहत पर विस्तृत चर्चा की। खालिदा जिया की गिरती सेहत की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर BNP समर्थकों और नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है।
लंबे समय से जूझ रही हैं बीमारियों से
79 वर्षीय खालिदा जिया लंबे समय से लीवर सिरोसिस, फेफड़ों में संक्रमण, डायबिटीज और हृदय रोगों से जूझ रही हैं। मेडिकल बोर्ड के प्रमुख प्रोफेसर शहाबुद्दीन तालुकदार की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी उम्र और कई बीमारियों का एक साथ होना इलाज को और भी चुनौतीपूर्ण बना रहा है।