Iran US War News: 'होर्मुज खोले नहीं तो...'; पायलट के रेस्क्यू के बाद अमेरिका ने ईरान को दी धमकी

Iran US War News: अमेरिका के विशेष बलों (स्पेशल फोर्सेस) ने ईरान के अंदर एक खतरनाक मिशन चलाकर एक एयरमैन को बचा लिया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने चेतावनी दी कि अगर ईरान मंगलवार तक होर्मुज स्ट्रेट को तेल सप्लाई के लिए नहीं खोलता है, तो वह तेहरान पर “भारी हमला” कर सकते हैं।

अपडेटेड Apr 06, 2026 पर 1:19 PM
Story continues below Advertisement
'होर्मुज खोले नहीं तो...'; पायलट के रेस्क्यू के बाद अमेरिका ने ईरान को दी धमकी

Iran US War News: अमेरिका के विशेष बलों (स्पेशल फोर्सेस) ने ईरान के अंदर एक खतरनाक मिशन चलाकर एक एयरमैन को बचा लिया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने चेतावनी दी कि अगर ईरान मंगलवार तक होर्मुज स्ट्रेट को तेल सप्लाई के लिए नहीं खोलता है, तो वह तेहरान पर “भारी हमला” कर सकते हैं।

ट्रम्प ने रविवार तड़के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस रेस्क्यू ऑपरेशन की घोषणा की, जिसमें उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र में किए गए इस ऑपरेशन को अमेरिकी इतिहास के "सबसे साहसी" मिशनों में से एक बताया।

डोनाल्ड ट्रंप ने X पर बताया कि शुक्रवार को गिराए गए F-15 जेट के एयरमैन को चोट लगी है, लेकिन “वह पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।” उसी दिन जेट के पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया।


अपशब्दों से भरे एक अन्य पोस्ट में, ट्रंप ने ईरान को होर्मुज जलमार्ग खोलने के लिए कहा, जो दुनिया के लगभग पांचवें हिस्से के तेल और प्राकृतिक गैस की सप्लाई का मार्ग है और जो पांच हफ्ते पहले युद्ध शुरू होने के बाद से काफी हद तक बंद है।

उन्होंने ट्रुथ सोशल पर चेतावनी देते हुए कहा, “मंगलवार ईरान के लिए पावर प्लांट और ब्रिज डे होगा,” यानी ऊर्जा और ट्रांसपोर्ट से जुड़े ढांचे पर हमले हो सकते हैं। आलोचकों का कहना है कि ऐसा करना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हो सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में ईरान को चेतावनी देते हुए कहा, “ऐसा पहले कभी नहीं देखा होगा! इस जलडमरूमध्य को खोल दो, नहीं तो बहुत बुरा हाल होगा-बस देखते रहो!”

इस बीच, अमेरिका का सहयोगी इजरायल भी दबाव बढ़ा रहा है। एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने कहा, इजराइल ने शनिवार को ईरान में एक प्रमुख पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमला किया और अगले हफ्ते ऊर्जा ठिकानों पर हमला करने की तैयारी कर रहा है, जिसके लिए वह अमेरिका की मंजूरी का इंतजार कर रहा है।

हालांकि, स्थिति थोड़ी उलझी हुई भी दिखी। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को रविवार को बताया कि ईरान बातचीत कर रहा है और सोमवार तक समझौता भी हो सकता है।

वहीं, सोमवार सुबह तेहरान में धमाकों की खबरें आईं। शहर के दक्षिण में स्थित कोम में एक आवासीय इमारत पर अमेरिकी-इजरायली हमले में कम से कम 5 लोग मारे गए और कई लोग मलबे के नीचे दब गए, ऐसी जानकारी एक उप राज्यपाल ने समाचार एजेंसी SNN को दी।

ईरान ने अमेरिका की 'लापरवाही' की निंदा की, खाड़ी देशों पर हमले किए

तेहरान ने युद्ध रोकने की मांग की है और उसके संसदीय अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कलिबफ ने ट्रंप की धमकियों की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने X पर पोस्ट किया, "आपके लापरवाह कदम अमेरिका के हर परिवार को मुश्किल में डाल देंगे और पूरा क्षेत्र जल उठेगा, क्योंकि आप नेतन्याहू के आदेशों का पालन करने पर अड़े हैं।"

अमेरिका-इजरायली बमबारी के बावजूद अपनी लड़ने की क्षमता दिखाते हुए, ईरान ने खाड़ी देशों के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तेज कर दिए, कुवैत, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात में पेट्रोकेमिकल सुविधाओं पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए।

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने यह भी दावा किया कि उन्होंने दुबई के जेबेल अली बंदरगाह पर इजरायल से जुड़े एक जहाज को निशाना बनाया।

कुवैत में ड्रोन हमलों से पेट्रोकेमिकल प्लांट्स में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ। ये प्लांट्स कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन से जुड़ी कंपनियों द्वारा संचालित किए जाते हैं।

इन हमलों से साफ दिखता है कि ईरान अब भी दूसरे देशों तक हमले करने की क्षमता रखता है और खाड़ी क्षेत्र के कई देशों की ऊर्जा और समुद्री व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।

इजराइल में भी, मीडिया ने उत्तरी शहर हाइफा में एक रिहायशी इमारत पर ईरानी मिसाइल हमले के बाद मलबे में रेस्क्यू टीम को छानबीन करते हुए दिखाया। इजराइली पैरामेडिक्स ने बताया कि नौ लोगों का इलाज किया जा रहा है।

बंधक संकट टला

जलडमरूमध्य के बंद होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाला प्रभाव दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। ऐसे में अमेरिकी वायुसैनिक के बचाव ने ट्रंप के लिए बंधक संकट के खतरे को टाल दिया है, जिससे पहले से ही युद्ध को लेकर संशय में पड़ी अमेरिकी जनता का मनोबल और भी गिर सकता था।

अंधेरे की आड़ में, अमेरिकी कमांडो बिना किसी की नजर में आए ईरान में गहराई तक घुस गए, 7,000 फुट (2,100 मीटर) ऊंची पहाड़ी पर चढ़े और फंसे हुए अमेरिकी हथियार विशेषज्ञ को सुरक्षित स्थान पर ले आए। रविवार को भोर से पहले वायुसैनिक को एक गुप्त निर्धारित स्थान की ओर ले जाया गया।

इस मिशन के दौरान, दो MC-130 विमान-जो करीब 100 स्पेशल फोर्सेस को तेहरान के दक्षिण में कठिन इलाके में लेकर गए थे-तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर पाए।

इसके बाद कमांडरों ने बड़ा जोखिम लेते हुए और विमानों को ईरान भेजने का फैसला किया, ताकि टीम को अलग-अलग हिस्सों में बाहर निकाला जा सके। इस दौरान कमांडो को कुछ घंटों तक बेहद तनावपूर्ण हालात में इंतजार करना पड़ा।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अमेरिकी टीम को अलग-अलग चरणों में सुरक्षित बाहर निकाला गया। वापसी के दौरान अमेरिकी सैनिकों ने खराब पड़े MC-130 विमान और चार अन्य हेलीकॉप्टरों को ईरान के अंदर ही नष्ट कर दिया, ताकि कोई संवेदनशील सैन्य उपकरण पीछे न छूटे।

ईरान ने कहा कि इस अभियान के दौरान कई अमेरिकी विमान नष्ट हो गए, जिनमें दो सैन्य परिवहन विमान और दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर शामिल थे। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज में जले हुए विमानों का मलबा दिखाया गया, जिसकी रॉयटर्स ने पुष्टि की कि वह उसी क्षेत्र में था।

शांति की कोशिशें नाकाम

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हवाई हमलों से शुरू हुआ यह युद्ध अब लेबनान तक फैल गया है, जहां इजरायल ने ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के खिलाफ अपना अभियान फिर से शुरू कर दिया है।

इस संघर्ष में हजारों लोग मारे गए हैं, जिनमें से अधिकांश ईरान और लेबनान में हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, रविवार को इजरायली हवाई हमलों में 11 और लोग मारे गए।

पाकिस्तान द्वारा दोनों पक्षों को समझौते पर लाने के प्रयास अब तक विफल रहे हैं।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने X पर कहा, "हमारी चिंता इस अवैध युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने की शर्तों को लेकर है।"

इसी बीच, होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के नियंत्रण के कारण कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं, जिससे दुनिया भर में आम लोगों और कारोबार पर दबाव बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें: Iran vs US Tension: 'मुआवजा दो, तभी खुलेगा होर्मुज', अमेरिका को ईरान की दो टूक, ट्रंप ने दी नई डेडलाइन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।