पहलगाम हमले के बाद भारत की आक्रामकता और एक्शन देखने के बाद पाकिस्तान का हाथ-पांव फूले हैं। पाकिस्तान के मंत्रियों का कहना है कि भारत कभी भी जंग छेड़ सकता है, ऐसा इसलिए क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को हुई हाई लेवल बैठक में सेना को खुली छूट दे दी है। इसी कड़ी में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को चेतावनी दी कि भारत के साथ संघर्ष का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जबकि अलग-अलग देश दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिश कर रहे हैं।
न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, पाकिस्तानी संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए आसिफ ने वर्तमान सुरक्षा हालातों पर पूछे गए सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा, "समय बीतने के साथ संघर्ष की संभावनाएं बढ़ रही हैं, कम नहीं हो रही हैं। हालांकि, कई देश इस स्थिति को टालने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान भारत की किसी भी आक्रामकता का उचित जवाब देगा, लेकिन उन्होंने प्रतिक्रिया कैसी होगी इसका खुलासा करने से परहेज किया।
उन्होंने कहा, "अगर भारत की ओर से कोई उल्लंघन किया जाता है, तो हम जवाब देंगे और हमारी प्रतिक्रिया कैसी होगी ये भारत के एक्शन से तय होगी। हमारी प्रतिक्रिया के बारे में कोई शक नहीं होना चाहिए।"
भारत पाकिस्तान के DGMO ने हॉटलाइन पर की बात
इससे पहले जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर पड़ोसी देश की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के बीच भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियानों के DGMO ने ‘हॉटलाइन’ पर बातचीत की। मामले से परिचित लोगों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान भारतीय पक्ष की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के बारे में पाकिस्तानी पक्ष को आगाह किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, दोनों देशो के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों के बीच बातचीत मंगलवार को हुई थी। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच यह बातचीत पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर हुई।