Pakistan Blast: पाकिस्तान में बड़ा विस्फोट! इस्लामाबाद कोर्ट के पास जबरदस्त धमाका, 12 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

Pakistan blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के G-11 सेक्टर स्थित कोर्ट परिसर में मंगलवार को एक कार में शक्तिशाली सिलेंडर विस्फोट हुआ। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए है। पूरे पाकिस्तान में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है

अपडेटेड Nov 11, 2025 पर 3:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Pakistan blast: पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस धमाके में पांच लोगों की मौत हो गई है

Pakistan blast: पाकिस्तान से इस वक्त एक बड़े विस्फोट की खबर सामने आ रही है। इस्लामाबाद लोकल कोर्ट के बाहर मंगलवार (11 नवंबर) दोपहर में एक बड़ा धमाका हुआ। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस धमाके में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्लास्ट के बाद पूरे पाकिस्तान में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

बताया जा रहा है विस्फोट कोर्ट परिसर के पार्किंग एरिया में खड़ी एक कार में सिलेंडर फटने से हुआ। विस्फोट के बाद धमाके की तेज आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। इससे आसपास के एरिया में हड़कंप मच गया। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि इस्लामाबाद के G-11 सेक्टर स्थित कोर्ट परिसर में मंगलवार को एक शक्तिशाली सिलेंडर विस्फोट हुआ।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, विस्फोट उस समय हुआ जब अदालत परिसर में भारी भीड़ थी। उन्होंने बताया कि विस्फोट में कई वकील और नागरिक घायल हुए हैं। रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। विस्फोट के तुरंत बाद भड़की आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को देखा गया।


इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाकर किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में कम से कम 16 जवान घायल हो गए। पाकिस्तानी सेना और फ्रंटियर कोर के जवानों का यह काफिला डेरा इस्माइल खान जिले की लोनी चौकी से लौट रहा था। तभी सोमवार देर रात लोनी गांव में आईईडी विस्फोट हुआ।

इस बीच, सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को अफगानिस्तान की सीमा से लगे दक्षिण वजीरिस्तान जिले में कैडेट कॉलेज के मुख्य द्वार पर एक आत्मघाती हमलावर द्वारा किए गए विस्फोट में छह लोग घायल हो गए। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, कैडेट कॉलेज वाना पर हमला कथित तौर पर प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने किया था।

पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को फितना अल-खवारिज के रूप में अधिसूचित किया था। इस्लामी इतिहास में पूर्व में हिंसा में शामिल रहे समूहों के लिए 'फितना अल-खवारिज' का इस्तेमाल किया जाता था।

ये भी पढ़ें- Asim Munir: पाकिस्तान का 'सुपर बॉस' बनेंगे आसिम मुनीर! पूर्व जनरल जिया उल हक की राह पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख

पाकिस्तान में विशेष रूप से अफगानिस्तान की सीमा से लगे क्षेत्रों में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है। इनमें ज्यादातर पुलिस, अधिकारियों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया है। सेना ने सोमवार को कहा कि खैबर पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने कम से कम 20 तालिबान आतंकवादियों को मार गिराया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।